Gyan Prakash Dubey




मिशन शक्ति फेज 5.0: एडीजी गोरखपुर जोन की मौजूदगी में बस्ती में नारी सुरक्षा और साइबर जागरूकता अभियान का भव्य शुभारंभ
बस्ती, 06 अक्टूबर 2025।
नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत सोमवार को जनपद बस्ती में जागरूकता कार्यक्रमों की एक श्रृंखला का आयोजन हुआ। इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन, मुथा अशोक जैन ने पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी, पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनन्दन और अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती श्यामकांत की मौजूदगी में थाना कोतवाली पर मिशन शक्ति केन्द्र और साइबर सुरक्षा अभियान का शुभारंभ किया।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान एडीजी मुथा अशोक जैन ने पिंक बूथ, साइबर हेल्पडेस्क सहित अन्य जागरूकता केंद्रों का भ्रमण कर मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के अंतर्गत जनपद में चलाए जा रहे व्यापक कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एनसीसी कैडेट्स ने मूर्ति और पुष्पगुच्छ भेंट कर एडीजी का स्वागत किया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं, छात्राओं और आमजन को संबोधित करते हुए एडीजी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं के जीवन के हर चरण में सुरक्षा और सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने के लिए समर्पित है। उन्होंने उपस्थित छात्राओं को कार्यक्षेत्र में स्वयं को सुरक्षित और सक्षम बनाए रखने के साथ-साथ देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद सेन्ट बेसिल स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें पुलिस विभाग की ओर से फायर सर्विस, डायल 112 और पिंक बूथ जैसी विभिन्न प्रदर्शनी लगाई गईं। एडीजी ने विद्यालय में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया और छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मार्शल आर्ट्स व जूडो प्रदर्शन को सराहा। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह ऊर्जा और आत्मविश्वास समाज में महिलाओं की बदलती भूमिका का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों और साइबर सुरक्षा के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें ऑनलाइन गोपनीयता की सुरक्षा, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और साइबर अपराध की रिपोर्टिंग की प्रक्रिया समझाई गई। एडीजी ने कहा, “आज का डिजिटल युग महिलाओं के लिए अवसरों का केंद्र है, लेकिन सतर्कता ही सबसे बड़ा हथियार है। मिशन शक्ति केंद्र आपके द्वार पर सहायता लाएगा, ताकि कोई भी महिला असुरक्षा का शिकार न हो।”
मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत जिले के विभिन्न थानों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। हरैया, नगर, परसरामपुर, दुबौलिया, गौर, लालगंज, सोनहा, कप्तानगंज, छावनी और पैकोलिया थानों की मिशन शक्ति टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों और ग्राम सभाओं में जाकर छात्राओं व महिलाओं को सुरक्षा उपायों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। चौपालों और जागरूकता कार्यक्रमों में साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 1090 व 181, आपातकालीन नंबर 112, एम्बुलेंस सेवा 102 व 108 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी विस्तार से दी गई।
इसके अलावा साइबर थाना और जनपदीय साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कंपनी बाग चौराहे पर लोगों को साइबर अपराध और महिला संबंधी साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। परसरामपुर, दुबौलिया, गौर और अन्य थानों की टीमों ने इंटर कॉलेजों में जाकर छात्राओं को नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए सजग व सशक्त बनने की प्रेरणा दी।
बस्ती में आयोजित यह अभियान न केवल महिलाओं और छात्राओं को जागरूक करने का माध्यम बना, बल्कि समाज में नारी सम्मान और सुरक्षा के प्रति जनभागीदारी को भी सशक्त रूप से सामने लाया। पुलिस प्रशासन की यह पहल मिशन शक्ति फेज 5.0 को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हुई है।
📌 NGV PRAKASH NEWS
