
Gyan Prakash Dubey
राकेश टिकैत ने कहा माफी मांग लो वरना कहीं टपका ना दे
बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान और कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच बढ़ते तनाव में किसान नेता राकेश टिकैत ने भी हस्तक्षेप किया है।
टिकैत ने काले हिरण शिकार मामले को सामाजिक पहलू से जोड़ते हुए सलमान खान को सुझाव दिया कि वे बिश्नोई समाज से मंदिर जाकर माफी मांगें।
टिकैत का कहना है कि यदि सलमान खान ऐसा नहीं करते हैं, तो जेल में बंद किसी व्यक्ति की प्रतिक्रिया अप्रत्याशित हो सकती है। पत्रकारों से बातचीत में टिकैत ने कहा, “यह एक सामाजिक मामला है। सलमान को मंदिर में जाकर माफी मांगनी चाहिए, नहीं तो जेल में बंद कोई व्यक्ति कब क्या कर दे, कहना मुश्किल है।”
इस विवाद में लॉरेंस बिश्नोई के भाई रमेश बिश्नोई ने भी सलमान को माफी की सलाह दी है। रमेश का कहना है कि सलमान को काले हिरण शिकार मामले में बिश्नोई समाज से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि समाज इस मुद्दे पर एकजुट होकर लॉरेंस के समर्थन में खड़ा है। रमेश ने यह भी दावा किया कि सलमान खान ने बिश्नोई समाज को शांत करने के लिए पैसे देने की पेशकश की थी, जिसे समाज ने ठुकरा दिया।
रमेश बिश्नोई ने कहा, “हमारा समाज पेड़ों और वन्यजीवों के प्रति प्रेम रखता है। हमारे 363 पूर्वजों ने पेड़ों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। जब सलमान ने काला हिरण का शिकार किया, तो हर बिश्नोई का खून खौल उठा। हमने अदालत पर भरोसा रखा है, लेकिन यदि हमारे समाज का मजाक उड़ाया गया, तो इसका विरोध स्वाभाविक है।”
गौरतलब है कि यह विवाद 1998 में हुए काले हिरण शिकार मामले से जुड़ा है, जिसमें सलमान खान पर काले हिरण का शिकार करने का आरोप था। राजस्थान हाईकोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराते हुए पांच साल की सजा सुनाई थी, हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। इस बीच, साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान खान को जान से मारने की धमकी भी दी है, जिसके बाद सलमान की सुरक्षा और भी कड़ी कर दी गई है।


👉 समाचार सोत्र..हिंदुस्तान
