आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान और कोषागार निरीक्षण को लेकर जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश..

Gyan Prakash Dubey

बस्ती में आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान और कोषागार निरीक्षण को लेकर जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

बस्ती, 06 अक्टूबर 2025।
जनपद बस्ती में शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी रूप से लागू करने और शिकायत निवारण प्रणाली को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्त्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने की।

बैठक में आईजीआरएस पोर्टल, मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, ऑनलाइन और पीजी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रहे और हर शिकायत का निस्तारण समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता की शिकायतों का पूर्ण पारदर्शिता और तत्परता के साथ समाधान करना है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग अपने अधीनस्थ अधिकारियों के माध्यम से शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दे। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और तत्परता जरूरी है ताकि शिकायतकर्ता को संतोषजनक परिणाम मिल सके। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को डिफॉल्टर की तिथि से तीन दिन पूर्व ही अपलोड किया जाए, जिससे शासन स्तर पर फीडबैक लेने पर शिकायतकर्ता अपनी संतुष्टि दर्ज करा सके और जनपद की रैंकिंग में सुधार हो।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, डीडीओ अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार, उप जिलाधिकारी शत्रुध्न पाठक, मनोज प्रकाश, हिमांशु कुमार, सत्येन्द्र सिंह, कृषि उपनिदेशक अशोक कुमार गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला सैनिक बन्धु समिति की बैठक

इसी दिन कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बन्धु समिति की बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने की। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने अपने जीवन के सबसे अहम पल देश की सेवा में समर्पित किए हैं, इसलिए यह प्रशासन का दायित्व है कि उनकी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए।

सीडीओ ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पूर्व सैनिकों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं के समाधान में कोई ढिलाई न बरती जाए। बैठक का संचालन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल देविन्दर गुहानी ने किया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. राजीव निगम, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारीगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।


कोषागार बस्ती का अर्धवार्षिक निरीक्षण

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने कोषागार बस्ती के डबल लॉक का अर्धवार्षिक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति को निर्देश दिया कि स्टाम्प और अभिलेखों के रख-रखाव की जिम्मेदारी केवल प्रशिक्षित कर्मचारियों को ही सौंपी जाए।

निरीक्षण के दौरान उप रोकड़िया संगम लाल रामजतन ने स्टाम्प और बहुमूल्य सामग्रियों का क्रमवार निरीक्षण कराया। जिलाधिकारी ने कोषागार में स्टाम्प और अन्य सामग्रियों की व्यवस्थित व्यवस्था और साफ-सफाई पर संतोष व्यक्त किया। इस मौके पर मुख्य रोकड़िया अजय कुमार गुप्ता, सहायक कोषाधिकारी अखिलेश पाठक, रोकड़िया प्रमोद कुमार श्रीवास्तव सहित कोषागार के सभी कर्मचारी मौजूद रहे।

📌 NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *