पत्नी ने पति के अपहरण का लगाया आरोप; 9 से दिया आमरण अनशन की चेतावनी…

NGV PRAKASH NEWS


चपरासी के अपहरण का आरोप: पत्नी ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार, 9 अक्टूबर से आमरण अनशन की चेतावनी

बस्ती।
कलवारी थाना क्षेत्र के दुबौली गांव की निवासी मुन्नी देवी ने अपने पति के अपहरण की आशंका जताते हुए जिलाधिकारी को पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि अगर प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो वह परिवार सहित 9 अक्टूबर से आमरण अनशन करने को मजबूर होंगी।

मुन्नी देवी के अनुसार, उनके पति गोमती प्रसाद कन्नौजिया आचार्य रामचंद्र शुक्ल बालिका विद्यालय अगौना में चपरासी पद पर कार्यरत हैं। विद्यालय के प्रबंधक कृष्ण प्रसाद मिश्र उनसे रात में ड्यूटी कराते थे और दिन में अपने घर का काम भी करवाते थे। इसको लेकर प्रबंधक और गोमती प्रसाद के बीच कई बार विवाद हुआ था।

उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि 3 अक्टूबर की रात प्रबंधक कृष्ण प्रसाद मिश्र और उनके पुत्रों ने उनके पति का अपहरण करा लिया है। इस संबंध में उन्होंने कलवारी थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई खास रुचि नहीं दिखाई। डीआईजी को पत्र देने के बाद पुलिस ने केवल गुमशुदगी दर्ज की, लेकिन सीसीटीवी फुटेज की जांच तक नहीं कराई गई।

मुन्नी देवी अपनी पुत्री सविता के साथ डीएम कार्यालय पहुंचीं और अपने पति की सकुशल बरामदगी की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे परिवार समेत आमरण अनशन करेंगी।
बहुजन मुक्ति पार्टी के जिला अध्यक्ष बुद्धेश राणा ने भी घटना की कड़े शब्दों में निंदा की और कहा कि अगर पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो निर्णायक आंदोलन किया जाएगा।

डीएम को ज्ञापन सौंपने के दौरान रोहित कुमार, डॉ. महेश कुमार, राम सुमेर यादव और कविता समेत कई लोग मौजूद रहे।

📰 NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *