हृदय विदारक :वीभत्स हादसे से दहला इलाका- पति के सामने महिला का दिल सड़क पर निकल कर धड़कता रहा..

NGV PRAKASH NEWS


करवा चौथ की खरीदारी बनी मातम — सड़क के गड्ढे ने छीनी मां की जिंदगी, वीभत्स हादसे से दहला इलाका

हापुड़। करवा चौथ के पर्व से पहले खरीदारी के लिए निकले एक दंपती के साथ बुधवार को ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के भटियाना गांव की 35 वर्षीय अनुराधा अपने पति हरिओम के साथ गुलावठी बाजार की ओर जा रही थीं। लेकिन गुलावठी मार्ग पर मध्य गंग नहर पुल के पास सड़क पर बने गड्ढे ने इस खुशहाल परिवार की जिंदगी को हमेशा के लिए मातम में बदल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही दंपती कपूरपुर थाना क्षेत्र में मध्य गंग नहर पुल के पास पहुंचे, सामने से आ रहा एक ट्रक गड्ढे से बचने के प्रयास में अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार में बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपती सड़क पर दूर तक जा गिरे और अनुराधा का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अनुराधा का दिल सीने से निकलकर सड़क पर जा गिरा और कुछ देर तक धड़कता रहा।

यह वीभत्स दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए। कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने अनुराधा को मृत घोषित कर दिया, जबकि पति हरिओम घायल बताए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर गड्ढों की स्थिति लंबे समय से बदतर है, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई मरम्मत कार्य नहीं किया गया। लोगों में इस हादसे को लेकर गहरा आक्रोश है।

यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि सड़कों पर मौजूद गड्ढे आखिर कब तक मासूम जानें लेते रहेंगे?

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *