पश्चिम बंगाल में फिर हुआ मेडिकल छात्रा के साथ गैंगरेप..

NGV PRAKASH NEWS


दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज की छात्रा से गैंगरेप, तीन युवकों ने अगवा कर जंगल में बनाया हवस का शिकार

कोलकाता, 11 अक्टूबर 2025

पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पीड़िता मूल रूप से ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली है। शुक्रवार की रात कॉलेज परिसर के बाहर तीन युवकों ने उसे अगवा किया और पास के जंगल में ले जाकर बर्बरता की। फिलहाल पीड़िता की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच उस समय हुई जब छात्रा अपनी एक सहेली के साथ खाना खाने कॉलेज परिसर से बाहर निकली थी। तभी तीन युवक उनके पास पहुंचे। युवकों को देखकर सहेली घबरा गई और वहां से भाग निकली। आरोपियों ने छात्रा का मोबाइल छीनकर उसे जबरन पास के जंगल में ले जाकर गैंगरेप किया। वारदात के बाद आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो अंजाम गंभीर होंगे। जाते-जाते उन्होंने मोबाइल वापस करने के बदले पैसों की मांग भी की।

शनिवार सुबह पीड़िता के माता-पिता ओडिशा से दुर्गापुर पहुंचे। मां ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की, वहीं पिता ने कहा, “हमने सोचा था कि यहां शिक्षा और सुरक्षा का माहौल अच्छा है, इसलिए बेटी को भेजा। लेकिन जो हुआ, उसने हमें तोड़ दिया है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”

पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। जांच टीम का मानना है कि आरोपियों ने वारदात की पहले से साजिश रची थी। पीड़िता की सहेली से पूछताछ चल रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जबकि फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

घटना के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) सक्रिय हो गया है। आयोग की सदस्य अर्चना मजूमदार ने कहा, “पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। पुलिस की निष्क्रियता चिंता का विषय है। हम मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अपील करते हैं कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाएं और पीड़िता को न्याय सुनिश्चित करें।”

इधर, पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग ने भी इस मामले में संज्ञान लेते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह वारदात राज्य में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। कॉलेज परिसर के बाहर ही छात्रा के साथ हुई यह घटना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है। अब सभी की निगाहें पुलिस की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *