NGV PRAKASH NEWS


संतकबीरनगर, 19 अक्टूबर 2025
मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त बदरे आलम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में अभियुक्त के पैर में गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार 17 अक्टूबर को वादी द्वारा थाने में सूचना दी गई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को आरोपी ने पीने के पानी में कुछ मिलाकर बेहोश कर दिया और फिर दुष्कर्म किया। इस संबंध में थाना कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 956/2025 धारा 137(2), 64(1)/123 बीएनएस, 3/4 पॉक्सो एक्ट व 3(2)V, 3(2)Va एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
इस गंभीर प्रकरण को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अजय कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 19 अक्टूबर की रात करीब 3 बजे आयुष्मान आरोग्य केंद्र, रौरापार से अभियुक्त बदरे आलम पुत्र मोहम्मद अकरम खां, निवासी मड़या, थाना कोतवाली खलीलाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस टीम अभियुक्त को थाने ले जा रही थी, तभी उस्का खुर्द नहर की पुलिया के पास उसने पेशाब करने की इच्छा जताई। पुलिस के अनुमति देने पर उसने अचानक जेल जाने के डर से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने उसे रुकने और सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन अभियुक्त अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर जवाबी फायरिंग की, जिससे उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक व., उपनिरीक्षक राकेश कुमार, उपनिरीक्षक अशोक कुमार दुबे, कांस्टेबल बलराम यादव और कांस्टेबल जयराम यादव शामिल रहे।
( NGV PRAKASH NEWS)












