Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

अंतिम सोमवार को लेकर कासगंज में अलर्ट, एसपी ओपी सिंह ने गंगा घाट और कांवड़ मार्ग का लिया जायजा
कासगंज | 23 अगस्त 2026
श्रावण मास के अंतिम सोमवार को लेकर कासगंज पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कांवड़ यात्रा को सुगम बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। रविवार को पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह ने थाना सोरों क्षेत्र के लहरा गंगा घाट, कांवड़ यात्रा मार्ग और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एसपी ने घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने गहरे पानी वाले स्थानों पर प्रभावी बैरीकेटिंग, खतरे के संकेतक, पर्याप्त पुलिस बल, फ्लड यूनिट, नाव और गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही श्रद्धालुओं को लगातार जागरूक करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ओपी सिंह ने गंगा घाट पर मौजूद कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रा एवं स्नान की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए श्रद्धालुओं से निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते हुए यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, चेंजिंग रूम, फूड सेफ्टी सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं लगातार सुचारू रूप से संचालित रहें।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने कछला बैरियर चौकी का भी निरीक्षण किया और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने घाटों और कांवड़ मार्ग पर लगातार सतर्क दृष्टि बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ओपी सिंह ने कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया तथा सेवा भाव से फल वितरित किए। उन्होंने सभी कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित और सकुशल यात्रा की मंगलकामना की।
NGV PRAKASH NEWS