

NGV PRAKASH NEWS
बांदा, उत्तर प्रदेश – 20 अक्टूबर 2025
उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल पर सातवीं कक्षा के छात्र की बेरहमी से पिटाई करने और जातिसूचक टिप्पणी करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के लुकतारा गांव स्थित जूनियर स्कूल का है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र ने क्लास में प्रिंसिपल की जगह एक महिला अध्यापिका को पढ़ाने के लिए बुला लिया था, क्योंकि वह बच्चों को अच्छी तरह पढ़ाती हैं। इसी बात से प्रिंसिपल भड़क गए और उन्होंने छात्र को कथित रूप से डंडे से पीट दिया।
पीड़ित छात्र ने बताया कि जब उसने मैडम को बुलाया, तो प्रिंसिपल गुस्से में आकर बोले — “तुम पढ़-लिखकर क्या करोगे? घर जाकर मवेशियों को घास खिलाओ और खेती-बाड़ी करो, यही तुम्हारे लिए सही है।” छात्र ने अपनी पूरी आपबीती घर जाकर परिजनों को बताई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की शिकायत दर्ज कराई और सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित परिवार का कहना है कि प्रिंसिपल ने न केवल शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया बल्कि जातिसूचक टिप्पणी कर उनके बेटे का अपमान भी किया। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में प्रिंसिपल और एक महिला अध्यापिका के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। गांववालों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि शिक्षा व्यवस्था को सामान्य करने के लिए दोनों को स्कूल से हटाया जाए।
इस मामले में देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सीपी तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है। पुलिस की टीम गांव में जाकर जांच कर चुकी है। दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
👉 NGV PRAKASH NEWS












