NGV PRAKASH NEWS

राहुल गांधी का बड़ा दावा: हरियाणा वोटर लिस्ट में एक ही महिला की 22 तस्वीरें, ब्राजील की मॉडल ने किया खंडन — चुनाव आयोग ने बताया निराधार
नई दिल्ली 6 नवंबर 25।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में भारी फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए दावा किया कि मतदाता सूची में एक ही महिला की तस्वीर के साथ 22 अलग-अलग नाम दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि यह तस्वीर ब्राजील की मॉडल मेथियस फरेरो की है, जो ‘स्वीटी’, ‘सीमा सरस्वती’ जैसे विभिन्न नामों से वोटर लिस्ट में बार-बार छपी है। राहुल ने कहा कि यह महिला हरियाणा में 10 से अधिक बूथों पर वोट डालती दिखाई गई है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि पिछले साल अक्टूबर में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव को लगभग 25 लाख फर्जी मतों के जरिए “चोरी” किया गया। उन्होंने निर्वाचन आयोग पर भाजपा से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि न केवल हरियाणा की सरकार अवैध है बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी वैध रूप से पद पर नहीं हैं।
महिला ने किया खंडन, कहा— भारत की राजनीति से कोई लेना-देना नहीं
राहुल गांधी द्वारा दिखाई गई तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तस्वीर में नजर आने वाली महिला की पहचान लारिसा के रूप में हुई, जो ब्राजील की डिजिटल इन्फ्लुएंसर और हेयरड्रेसर हैं। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, लारिसा ने एक वीडियो जारी कर साफ किया कि भारत की राजनीति से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा, “यह फोटो मेरे मॉडलिंग के दिनों की है और एक स्टॉक इमेज वेबसाइट से खरीदी गई थी। मैं कभी भारत नहीं गई हूं, और मेरा किसी भी राजनीतिक दल या चुनाव से कोई संबंध नहीं है।”
लारिसा ने यह भी कहा कि “मैं ब्राजील में एक डिजिटल इन्फ्लुएंसर और हेयरड्रेसर हूं। मेरी तस्वीर का इस तरह इस्तेमाल किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन मुझे भारत और वहां के लोगों से बहुत प्यार है।”
निर्वाचन आयोग का जवाब— आरोप पूरी तरह निराधार
राहुल गांधी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए निर्वाचन आयोग ने कहा कि यह दावा तथ्यहीन और निराधार है। आयोग के अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा में मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस या किसी भी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
आयोग ने कहा कि भारत का चुनावी सिस्टम पूरी तरह पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुरक्षित है। बिना किसी ठोस साक्ष्य के इस तरह के आरोप लोकतांत्रिक संस्थाओं की साख पर प्रश्नचिह्न लगाने के समान हैं।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद जहां कांग्रेस ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं, वहीं भाजपा ने इसे “राजनीतिक नाटक” करार दिया है।
— NGV PRAKASH NEWS




