Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

ई-रिक्शा में महिलाओं से झपटमारी करने वाले गिरोह का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार
संतकबीरनगर, 19 मई 2026.
संतकबीरनगर पुलिस ने महिलाओं से चैन झपटमारी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक पुरुष समेत चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पीली धातु की चैन और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने सूतीमिल मगहर के दक्षिणी तिराहे के पास मोहम्मदपुर कठार क्षेत्र से सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामला मु0अ0सं0 406/2026 धारा 304(2) बीएनएस से संबंधित है, जिसमें बाद में साक्ष्य संकलन के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोत्तरी की गई। घटना 15 मई 2026 की बताई गई है, जब भुजैनी निवासी सचिदानंद त्रिपाठी की पत्नी रीता त्रिपाठी रिश्तेदारी में जाने के लिए ई-रिक्शा से सफर कर रही थीं। रास्ते में ऑटो में पहले से बैठी तीन महिलाएं उनसे सटकर बैठ गईं और मौका पाकर उनके गले से चैन झपट ली। इसके बाद सभी आरोपी एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में बैठकर फरार हो गए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका गिरोह भीड़भाड़ वाले इलाकों, ई-रिक्शा और टेम्पो में महिलाओं को निशाना बनाकर चैन झपटमारी करता था। गिरोह के आने-जाने के लिए कार की व्यवस्था राजेश यादव करता था।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिता, मुस्कान उर्फ आंचल, आरती, नेहा और राजेश यादव शामिल हैं। सभी आरोपी गोरखपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पीली धातु की चैन और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार नंबर UP53 FA 7810 बरामद की है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उमाशंकर त्रिपाठी, उपनिरीक्षक धर्मनाथ यादव समेत कई पुलिसकर्मी और महिला कांस्टेबल शामिल रहीं।
NGV PRAKASH NEWS
