Gyan Prakash Dubey


परसरामपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही: थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह की टीम ने चार अंतरजनपदीय चोरों को दबोचा, सोना-चांदी के जेवर, वाहन व नकदी बरामद
बस्ती।
11.11.2025
परसरामपुर थाना पुलिस ने थाना गौर, स्वाट और एसओजी टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए जिले में हाल में हुई चोरी की लगातार घटनाओं का बड़ा अनावरण किया। इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह परसरामपुर की टीम ने किया, जिनकी सक्रियता और दबिश नीति के कारण महज कुछ ही दिनों में अंतरजनपदीय चोरों का गिरोह पकड़ा गया।
👉 लगातार आलोचना झेल रही परशुरामपुर पुलिस शांत थी और अंदर ही अंदर प्लानिंग रची जा रही थी कुछ बड़ा करने की..
पुलिस टीम ने चार शातिर चोरों को मखौड़ा धाम–कुसमौर डीह मार्ग के पास से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, चोरी करने के उपकरण, एक TATA HEXA चारपहिया वाहन और 59,950 रुपये नगद बरामद किए गए।
गिरोह का सरगना अतीक निकला, जिसके खिलाफ विभिन्न जिलों में कुल 31 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि जिले में बढ़ रही चोरी की घटनाओं के चलते परसरामपुर पुलिस ने विशेष योजना बनाकर काम शुरू किया। इस कार्रवाई में थाना अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह की रणनीति और दबाव बनाने की नीति निर्णायक साबित हुई। चोरों की गतिविधियों, उनके छिपने के ठिकानों और आवाजाही की लगातार निगरानी की गई, जिसके बाद यह सफलता मिली।
चोरों से पूछताछ में कई हैरान कर देने वाले तरीके सामने आए। वे रात में सुनसान घरों की रेकी करते थे और पंखे की आवाज सुनकर अंदाजा लगाते थे कि घर में कोई मौजूद है या नहीं। मौका मिलते ही ये पीछे की तरफ से छत के रास्ते या मुख्य गेट से घर में घुसते थे और आराम से सामान खंगालकर निकल जाते थे। पुलिस इनके नेपाल कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
जिले में घटित कई बड़े मामलों—जिसमें परसरामपुर, हरैया और मुण्डेरवा क्षेत्र के कुल 9 मुकदमे शामिल हैं—का सफल अनावरण इसी कार्रवाई के दौरान किया गया।
इस पूरी सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने अनावरण करने वाली टीम को 25,000 रुपये इनाम देने की घोषणा की है और उच्च अधिकारियों को भी इनाम की संस्तुति भेजने की बात कही।
गिरफ्तार अभियुक्त
चारों आरोपी लखीमपुर खीरी और बरेली के रहने वाले हैं—
अतीक अहमद, निशार अहमद, अफरीद मुहम्मद और साजीम अली।
सभी के खिलाफ कई जिलों में लंबा आपराधिक इतिहास दर्ज है।
बरामदगी
सोने-चांदी के 40 से अधिक आभूषण, भारी संख्या में बिछुआ-पायल, TATA HEXA गाड़ी, नेपाल कार्यालय की रसीदें, बड़े साइज के कटर, छिन्नी, पेचकश, रॉड, प्लास सहित चोरी में प्रयुक्त कुल 17 उपकरण और 59,950 रुपये नकद।
थाना अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह परसरामपुर की यह कार्रवाई जिले में हाल की सबसे बड़ी पुलिस उपलब्धियों में एक मानी जा रही है, जिसने चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में निर्णायक भूमिका निभाई है।
NGV PRAKASH NEWS




