Gyan Prakash Dubey


नलकूप चालक का फंदे से लटकता शव मिलने से मची सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
बस्ती, 13 नवंबर 2025।
बस्ती जनपद में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब कोतवाली थाना क्षेत्र के विकास भवन के सामने स्थित सरकारी आवास में एक नलकूप चालक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान 43 वर्षीय उदय नारायण, निवासी रौसिंहा पार, थाना नगर, बस्ती के रूप में हुई है। वह जनपद के नलकूप विभाग में चालक के पद पर तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, उदय नारायण बुधवार की रात अपने गांव में बेटी का जन्मदिन मनाने के बाद अपने सरकारी क्वार्टर पर लौटे थे। अगली सुबह जब उनकी पत्नी गांव से आवास पर पहुंचीं, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्होंने आसपास के कर्मचारियों को बुलाया। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर उदय नारायण का शव कपड़े के सहारे छत की कुंडी से लटकता मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। अधिकारी पारिवारिक और व्यक्तिगत कारणों की भी जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
घटना की सूचना पर विभागीय कर्मचारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जहां माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
NGV PRAKASH NEWS
