एसपी नें लिया कड़ा एक्शन थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी सहित तीन पुलिस कर्मियों को किया निलंबित…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

लापरवाही और स्वेच्छाचारिता पर बखिरा थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

संतकबीरनगर, 15 सितंबर 2026।

पदीय दायित्वों और कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता एवं अकर्मण्यता बरतने पर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने थाना बखिरा में तैनात तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में थानाध्यक्ष बखिरा उप निरीक्षक उमाशंकर तिवारी, उप निरीक्षक सुरेश यादव तथा मुख्य आरक्षी कोमल प्रसाद शामिल हैं।

निलंबन आदेश के अनुसार थानाध्यक्ष उमाशंकर तिवारी पर महिला संबंधी अपराधों में तत्परता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित विधिक कार्रवाई नहीं करने तथा उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों और निर्देशों के अनुपालन में अपेक्षित रुचि नहीं लेने के आरोप हैं। इसके अलावा हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन, 60 एवं 90 दिवस की विवेचनाओं के निस्तारण, अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश, यक्ष एप पर आपराधिक सत्यापन, साइबर अपराध की रोकथाम के लिए जागरूकता कार्यक्रमों तथा महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए मिशन शक्ति केंद्र के तहत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों में अपेक्षित रुचि नहीं लेने को भी निलंबन का आधार बनाया गया है।

वहीं उप निरीक्षक सुरेश यादव और मुख्य आरक्षी कोमल प्रसाद पर जनसुनवाई, महिला संबंधी अपराधों, निरोधात्मक कार्रवाई, बीट प्रणाली तथा उच्चाधिकारियों द्वारा चलाए जा रहे अभियानों में अपेक्षित रुचि नहीं लेने के आरोप हैं। दोनों पर जनता के साथ अमर्यादित व्यवहार करने तथा अपने पदीय कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता बरतने की बात भी निलंबन आदेश में कही गई है। इसके साथ ही अपने क्षेत्र में घटित होने वाली छोटी-बड़ी घटनाओं, विवादों अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सूचनाओं को समय से उच्चाधिकारियों एवं संबंधित थाने को उपलब्ध नहीं कराने का भी आरोप है।

तीनों पुलिसकर्मियों को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की (दंड एवं अपील) नियमावली, 1991 के नियम-17(1)(क) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में तीनों पुलिसकर्मी पुलिस लाइन, संतकबीरनगर से संबद्ध रहेंगे और सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराधियों की प्रभावी निगरानी, बीट व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा संवेदनशील घटनाओं की रोकथाम के लिए पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *