Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

हत्या के मामले में तीन अभियुक्ताएं गिरफ्तार, दो अन्य आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं
बस्ती, 15 सितंबर 2026।
वाल्टरगंज थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के मामले में प्रकाश में आई तीन अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीनों को 15 सितंबर 2026 को करीब 09:58 बजे नगर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित लोहरैया मोड़ से गिरफ्तार कर न्यायालय बस्ती रवाना कर दिया। इस मामले में पुलिस पूर्व में दो अन्य अभियुक्तों को 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, थाना नगर क्षेत्र के खड़ौवाखुर्द निवासी यशवंत कुमार उम्र करीब 26 वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम, निर्माण इकाई गोरखपुर में संविदा पर नौकरी करता था। 8 सितंबर 2026 को वह अपने मामा के लड़के अंकित कुमार के साथ मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर गया था। शाम करीब 7:30 बजे दोनों नगर बाजार पहुंचे, जहां से अंकित अपनी मोटरसाइकिल से घर चला गया, जबकि यशवंत घर नहीं पहुंचा।
अगले दिन 9 सितंबर को यशवंत की मोटरसाइकिल थाना दुबौलिया क्षेत्र में बैरागल के किनारे पड़ी मिली, जबकि उसका शव वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में धमौरा के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना पर परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की पहचान यशवंत कुमार के रूप में की। मामले में यशवंत के भाई हेमंत कुमार की तहरीर पर 11 सितंबर 2026 को थाना वाल्टरगंज में मुकदमा अपराध संख्या 208/26, धारा 103(1), 238(a) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई और 12 सितंबर को दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। विवेचना में प्रकाश में आए तीन अन्य अभियुक्ताओं को मंगलवार, 15 सितंबर को संयुक्त पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान रीमा (26), शीला (20) दोनों पुत्रियां स्वर्गीय श्रीपत निवासी कौड़ीकोल, थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती तथा गुड़िया (23) पुत्री जगन्नाथ चौधरी, निवासी खड़ौवाखुर्द, थाना नगर, जनपद बस्ती के रूप में हुई है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्ताओं के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, मृतक यशवंत की केनरा बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा की दो चेकबुक, एसबीआई का एक एटीएम कार्ड, मृतक के दो फोटो तथा काली रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल संख्या UP51AN4255 बरामद की है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक वाल्टरगंज ज्ञानेन्द्र कुमार राय, प्रभारी निरीक्षक एसओजी विकास यादव एवं प्रभारी सर्विलांस टीम शेषनाथ यादव के नेतृत्व में की गई। संयुक्त टीम में उपनिरीक्षक उपेन्द्र शर्मा एवं श्रीराम पाल सहित वाल्टरगंज थाना, एसओजी और सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मी शामिल रहे। गिरफ्तार तीनों अभियुक्ताओं को पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय बस्ती भेज दिया।
NGV PRAKASH NEWS