जूआ में पत्नी को हारा पति: कहा एक रात दोस्तों के साथ..

NGV PRAKASH NEWS

पति ने जुए में पत्नी को दांव पर लगाया, ससुरालियों पर यौन उत्पीड़न का आरोप; न्याय की गुहार लेकर पीड़िता पहुंची बागपत एसपी ऑफिस

बागपत 15 नवंबर 2025।
बागपत जिले से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसमें एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर यौन उत्पीड़न, दहेज उत्पीड़न और अमानवीय व्यवहार के आरोप लगाए हैं। पीड़िता सानिया शनिवार को सीधे बागपत एसपी ऑफिस पहुंची और तत्काल कार्रवाई की मांग की। उसका कहना है कि उसके पति ने उसे जुए में हारने के बाद अपने दोस्तों को सौंपने की कोशिश की।

सानिया की शादी वर्ष 2024 में बिनौली क्षेत्र के खिवाई, मेरठ में हुई थी। उसके अनुसार शादी के बाद से ही पति, ससुर और जेठ दहेज की मांग करते रहे और मानसिक तथा शारीरिक प्रताड़ना देते रहे। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति जुआ खेलने का आदी है और एक दिन जुए में हारने के बाद उसने अपने दो दोस्तों—उमेश और मोनू—के साथ उसे जबरन संबंध बनाने के लिए दबाव डाला।

बताया गया कि पीड़िता के विरोध करने पर उसे घर से निकाल दिया गया। लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। सानिया का आरोप है कि विवाद “सुलझाने” के बहाने उसका ससुर और देवर उसके मायके पहुंचे और वहां उसके साथ गंभीर यौन उत्पीड़न की घटना को अंजाम दिया।

पीड़िता ने इन घटनाओं की शिकायत बिनौली थाने में की थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने कोर्ट का सहारा लिया, जहां मामले में मुकदमा दर्ज तो कर लिया गया, मगर आरोप है कि पुलिस अब तक किसी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकी है।

न्याय की उम्मीद में सानिया शनिवार को बागपत एसपी ऑफिस पहुंची। अधिकारियों ने उसकी शिकायत की जांच का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि मामला अत्यंत गंभीर है और आरोपों के आधार पर विस्तृत जांच की जा रही है। पीड़िता को आश्वासन दिया गया है कि उसके मामले में पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी और दोषियों को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *