

NGV PRAKASH NEWS
सात वर्षों से दर-दर भटक रही महिला ने दी जल समाधि की चेतावनी, 27 नवंबर को सरयू नदी में कूदने का एलान
बस्ती, 17 नवंबर 2025।
कलवारी थाना क्षेत्र के वैष्णोपुर गांव की रहने वाली सावित्री देवी ने प्रशासनिक उपेक्षा और न्याय न मिलने का गंभीर आरोप लगाते हुए सरयू नदी में जल समाधि लेने की चेतावनी दी है। सावित्री देवी ने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और संबंधित विभागों को पत्र भेजकर कहा है कि यदि 26 नवंबर तक उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वह 27 नवंबर को सरयू नदी में कूदकर आत्मसमर्पण कर देंगी।
सावित्री देवी के मुताबिक, पिछले सात वर्षों से उन्हें अपने ही घर से बेदखल होकर खानाबदोश की तरह जिंदगी गुजारनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि वह पति और परिवार के साथ गांव-गाँव भटक रही हैं, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कई बार अधिकारियों के चक्कर लगाने के बाद भी उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने पत्र में आरोप लगाया कि हल्का लेखपाल दिनेश सिंह द्वारा गलत और पक्षपातपूर्ण रिपोर्ट लगाने के कारण उनका मामला लगातार अटका हुआ है। सावित्री देवी का कहना है कि प्रशासनिक लापरवाही ने उन्हें मानसिक रूप से टूटने पर मजबूर कर दिया है।
सावित्री देवी ने साफ कहा है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो उनकी जल समाधि के लिए सीधे तौर पर हल्का लेखपाल जिम्मेदार होंगे। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है और लोग प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
NGV PRAKASH NEWS
