बिजली बकायदारों के लिए खुशखबरी:100% सरचार्ज के साथ 25% मूलधन में भी पायें छूट..

Gyan Prakash Dubey

2 किलोवाट तक लोड वाले घरेलू व 1 किलो वाट कमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत: बस्ती में बिजली बिल पर 100% ब्याज माफी, मूलधन में भी मिलेगी छूट

बस्ती, 24 नवंबर 2025
जिले के घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं के लिए सरकार ने बड़ी राहत की घोषणा की है। जिन उपभोक्ताओं के घर का विद्युत लोड 2 किलोवाट तक है और उनका बिजली बिल बकाया चल रहा है, उन्हें 100% ब्याज माफी के साथ मूलधन पर भी 25%, 20% और 15% तक की छूट दी जाएगी। यह राहत कमर्शियल श्रेणी के उन उपभोक्ताओं पर भी लागू होगी जिनका लोड 1 किलोवाट या उससे कम है और जिन्होंने 31 मार्च 2025 के बाद कोई बिल जमा नहीं किया है या अब तक एक भी बिल नहीं जमा किया।

मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्य अभियंता, विद्युत विभाग ने बताया कि यदि पात्र उपभोक्ता अपना बकाया एकमुश्त जमा करते हैं, तो उन्हें पूरा सरचार्ज माफ कर दिया जाएगा। साथ ही यह छूट चरणबद्ध तरीके से मिलेगी—

  • 31 दिसंबर 2025 तक बिल जमा करने पर मूलधन में 25% छूट
  • 31 जनवरी 2026 तक जमा करने पर 20% छूट
  • 28 फरवरी 2026 तक जमा करने पर 15% छूट

उन्होंने बताया कि किस्तों में भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को भी 100% सरचार्ज माफी का लाभ मिलेगा।

बस्ती जिले में वर्तमान में 3,56,000 से अधिक विद्युत उपभोक्ता हैं, जिनमें 2,71,609 उपभोक्ता इस राहत योजना के लिए पात्र घोषित किए गए हैं। जिले में करीब 800 करोड़ रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है, जिसे कम करने के उद्देश्य से यह विशेष योजना लागू की जा रही है।

योजना को तीन चरणों में लागू किया जाएगा—

  • पहला चरण — 1 दिसंबर 2025 से
  • दूसरा चरण — 1 जनवरी 2026 से
  • तीसरा चरण — 1 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक

योजना का लाभ उठाने के इच्छुक उपभोक्ता अपना पंजीकरण सहज जन सेवा केंद्र, विद्युत विभाग के कार्यालय, या विभागीय वेबसाइट www.uppcl.org पर करवा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के समय ₹2000 जमा करना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के बाद उपभोक्ता को अपना बकाया जमा करने के लिए 30 दिन का समय मिलेगा।

मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिनका बिल बकाया है वे इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ अवश्य उठाएं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *