NGV PRAKASH NEWS
⏩ जल्दी चक्कर लगाने के चक्कर में अक्सर ओवर स्पीड में दौड़ते हैं डंपर..
⏩ अधिकांश मामलों में डंपर चालक नशे की हालत में पाए गए..
⏩ अवैध मोरंग, बालू लदे डंपर पुलिस से बचने के लिए भी तेज स्पीड में चलकर अपने गंतव्य तक पहुंचाना चाहते हैं..


कानपुर: नाइट ड्यूटी से लौट रहे दो चचेरे भाइयों को मौरंग लदे ट्रक ने रौंदा, सिर धड़ से अलग — भीड़ ने ड्राइवर को पकड़कर पीटा
कानपुर, 27 नवंबर 2025 | NGV PRAKASH NEWS
कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। नाइट शिफ्ट से लौट रहे दो चचेरे भाइयों को तेज रफ्तार मौरंग लदे ट्रक ने इतनी भयावह तरीके से रौंद दिया कि दोनों युवकों के सिर धड़ से अलग हो गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित राहगीरों ने ट्रक चालक को पकड़कर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।
कैसे हुआ हादसा
धनंजय (18 वर्ष) और उसका चचेरा भाई हिमांशु (17 वर्ष) पनकी स्थित पान मसाला फैक्ट्री में काम करते थे। मंगलवार रात नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद दोनों बुधवार सुबह बाइक से घर लौट रहे थे। उनके साथ दूसरी बाइक पर धर्मेंद्र और गांव के एक युवक छोटे भी थे, जो लगभग 200 मीटर आगे थे।
करीब सुबह साढ़े 8 बजे जब धनंजय और हिमांशु पनकी के एटूजेड प्लांट के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार मौरंग लदे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों सड़क पर गिर पड़े। ट्रक चालक घबरा गया और भागने के लिए रफ्तार बढ़ा दी, इसी दौरान उसने दोनों को बेरहमी से कुचल दिया। पहिया सीधे उनकी गर्दन के ऊपर से निकल गया, जिससे दोनों के सिर धड़ से अलग हो गए।
राहगीरों ने ड्राइवर को खदेड़कर पकड़ा
हादसे को देख राहगीरों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग मौके पर दौड़े और ट्रक का पीछा कर चालक को पकड़ लिया। भीड़ ने ड्राइवर की जमकर पिटाई की और बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। ट्रक में मौरंग लदी थी।
परिवार में मातम, मां बार-बार बेहोश
पुलिस ने मृतकों की पहचान कानपुर देहात के लालपुर शिवराजपुर निवासी धनंजय और हिमांशु के रूप में की। हिमांशु की मां बेटे की मौत की खबर सुनकर कई बार बेहोश हो गईं। धनंजय के पिता शिवपाल की एक साल पहले ही मौत हो चुकी है, और परिवार की पूरी जिम्मेदारी तीन भाइयों पर थी। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
नशे में ट्रक चलाने का आरोप
परिजनों ने गंभीर आरोप लगाया कि ट्रक चालक नशे में था। बताया जा रहा है कि उसने घटनास्थल के पास स्थित शराब की दुकान से शराब पीने के बाद ट्रक चलाना शुरू किया और इसी लापरवाही में उसने दोनों भाइयों को कुचल दिया।
पुलिस की कार्रवाई
पनकी इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है और चालक तथा क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसे की विस्तृत जांच जारी है।
NGV PRAKASH NEWS





