पुल से गरीब रथ के… गिरा डम्पर निकली चिंगारी और अफरा तफरी मच गयी ट्रेन यात्रियों में..

NGV PRAKASH NEWS

बाराबंकी में पुल से रेलवे ट्रैक पर गिरा डंपर, बड़ी रेल दुर्घटना टली — गरीब रथ एक्सप्रेस दो फीट की दूरी पर बची
बाराबंकी, 27 नवंबर 2025 | NGV PRAKASH NEWS

बाराबंकी में बुधवार रात लगभग 9:12 बजे एक बड़ा हादसा टल गया, जब बुढ़वल रेलवे स्टेशन से गोंडा की ओर जा रही गरीब रथ सुपरफास्ट एक्सप्रेस पुल के पास हुए दुर्घटनाग्रस्त डंपर से बाल-बाल बच गई। फतेहपुर–रामनगर मार्ग पर बने ओवरब्रिज की रेलिंग तोड़कर मौरंग लदा तेज रफ्तार डंपर करीब 30 फीट नीचे रेलवे लाइन के किनारे आ गिरा। डंपर ट्रेन से महज दो फीट की दूरी पर गिरा, जिससे जोरदार धमाका हुआ और पूरा रेलवे ट्रैक हिल गया।

घटना रामनगर थाना क्षेत्र के अगानपुर गांव के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि यात्रियों को लगा जैसे ट्रेन पर किसी ने बम से हमला कर दिया हो। गरीब रथ में सवार वाराणसी निवासी यात्री चमन सिंह ने बताया कि उन्हें लगा कि ट्रेन पटरी से उतर गई है और अब कोई नहीं बचेगा।

ट्रेन रुकते ही अफरा-तफरी, ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त, रूट ठप

डंपर गिरने से ओवरहेड बिजली लाइन (ओएचई) पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे बुढ़वल-गोंडा रेल मार्ग पर सभी ट्रेनों की आवाजाही तत्काल रोक दी गई। बुढ़वल जंक्शन पर सीतापुर, गोरखपुर-बिहार और बाराबंकी-लखनऊ की लाइनें जुड़ती हैं, जहां से रोजाना 150 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं। ओएचई लाइन टूटने के कारण सभी एक्सप्रेस, सुपरफास्ट व पैसेंजर ट्रेनों को रोकना पड़ा।

ट्रेन के रुकते ही कई यात्री खिड़कियों से बाहर देखने लगे और कुछ घबराकर चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश करने लगे। कोचों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस टीमें मौके पर पहुंच गईं। रात 10 बजे बचाव कार्य शुरू हुआ।

डंपर चालक गंभीर, मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा गया

डंपर गिरने के बाद उसका चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया था। राहत दल ने कटर मशीन से केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला और गंभीर अवस्था में अस्पताल भेजा। उसकी पहचान गोंडा के करनैलगंज के मनिहारी गांव निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई।

रेलमार्ग देर रात तक ठप, ट्रेनों का रूट बदला

रात 1:45 बजे तक बुढ़वल-गोंडा रेलमार्ग बहाल नहीं हो सका था। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार, हादसे के चलते सभी ट्रेनों को बाराबंकी–अयोध्या–मनकापुर मार्ग पर डायवर्ट कर दिया गया है। गोरखपुर व बिहार की ओर से आने वाली सभी गाड़ियां अयोध्या के रास्ते लखनऊ भेजी जा रही हैं।

ओएचई और ट्रैक की मरम्मत के लिए रेलवे की कई टीमें देर रात तक जुटी रहीं। हादसे के कारण लंबे समय तक ट्रेन संचालन बाधित रहा।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *