भ्रष्टाचार:10 के नए नोट की कालाबाजारी..

NGV PRAKASH NEWS

गोरखपुर: बैंक रोड पर खुलेआम 10 रुपये के नए नोटों की बिक्री, बैंक में नहीं—बाजार में मिल रही गड्डियां, भ्रष्टाचार पर उठे सवाल
गोरखपुर, 27 नवंबर 2025 | NGV PRAKASH NEWS

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोरखपुर के बैंक रोड क्षेत्र में उस समय हैरानी देखी गई, जब जिस बैंक में 10 रुपये के नए नोट उपलब्ध नहीं थे, वहीं उसी बैंक के बाहर खुलेआम नई गड्डियों की बिक्री होती दिखाई दी। इस घटना ने बैंकिंग व्यवस्था और नोटों की आपूर्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले बैंक में शादी-ब्याह का कार्ड दिखाने पर आसानी से 10 और 20 रुपये के नए नोटों की गड्डियां मिल जाया करती थीं। लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल गई है। बैंक काउंटर पर उपलब्धता न होने की बात कही जाती है, वहीं बाहर वही गड्डियां 400-500 रुपये अतिरिक्त देकर आसानी से खरीदी जा सकती हैं।

बैंक में न मिलने वाली गड्डियां बाहर कैसे उपलब्ध हो रही हैं—यह बड़ा सवाल है। लोगों का आरोप है कि बैंक कर्मचारियों और बाहरी तत्वों के बीच गहरा नेक्सस बन चुका है। रिजर्व बैंक से नोट आते ही कथित रूप से उन्हें बाहर ब्लैक में बेच दिया जाता है, जिसके कारण सामान्य जरूरत पर भी लोग नोटों के लिए परेशानी झेलते हैं।

शादी-ब्याह के मौसम में यह स्थिति और गंभीर हो जाती है। लोग मजबूर होकर बाजार में ब्लैक में नोट खरीदते हैं, जबकि सरकारी सिस्टम में उपलब्धता की कोई पारदर्शी जानकारी नहीं मिलती।

इस प्रकार की घटनाएं बैंकिंग व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को उजागर करती हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और बैंकिंग निगरानी एजेंसियों से इस पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *