NGV PRAKASH NEWS


फेक इंस्टाग्राम आईडी ने बिगाड़ी शादी की खुशियां: दूल्हा पक्ष ने लगाई बेबुनियाद आरोपों की झड़ी, दुल्हन ने की आत्महत्या की कोशिश | NGV PRAKASH NEWS
बिजनौर, 27 नवंबर 2025
बिजनौर जिले में एक फेक इंस्टाग्राम आईडी से भेजे गए विवादित मैसेज ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। बारात चढ़ने से महज 18 घंटे पहले दूल्हा पक्ष ने अचानक शादी से इनकार कर दिया और दुल्हन के चरित्र पर गंभीर आरोप लगा दिए। इन आरोपों से आहत होकर युवती ने आत्महत्या का प्रयास तक कर डाला। समय रहते परिवार ने उसे बचा लिया, लेकिन घटना के बाद घर का माहौल पूरी तरह गमगीन हो चुका है।
जानकारी के अनुसार, नगीना क्षेत्र के इब्राहिमपुर निवासी फिरोज आलम दिल्ली में रहकर कारोबार करते हैं। उनकी बेटी नाजिश की शादी नगीना के ही रियाजुद्दीन अंसारी से तय हुई थी। मंगनी हो चुकी थी और दहेज का अधिकांश सामान भी दूल्हे के घर भेजा जा चुका था। 24 नवंबर को बारात एक बैंक्वेट हॉल में पहुंचनी थी, जिसकी बुकिंग फिरोज आलम ने पहले से कर रखी थी।
लेकिन शादी से एक दिन पहले हालात अचानक बिगड़ गए। एक फेक इंस्टाग्राम आईडी से दूल्हे के मोबाइल पर नाजिश के खिलाफ विवादित मैसेज भेजे गए और बारात न लाने की धमकी भी दी गई। यह संदेश मिलते ही दूल्हा पक्ष 23 नवंबर की रात दुल्हन के घर पहुंचा और नाजिश पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए शादी से इनकार कर दिया।
परिजनों ने दूल्हा पक्ष को समझाने का प्रयास किया और इस फेक आईडी को शरारती तत्वों की करतूत बताया, लेकिन दूल्हा पक्ष अपनी बात पर अडिग रहा। दोनों पक्षों में बहस भी हुई। दुल्हन पक्ष ने सुझाव दिया कि दोनों परिवार मिलकर इस फर्जी आईडी की जांच कर इसका सच पता लगाएं, लेकिन दूल्हा पक्ष ने न केवल इस बात को खारिज किया बल्कि नाजिश के चरित्र पर सवाल उठाकर बारात न लाने का फैसला सुना दिया और वापस लौट गया।
दूल्हा पक्ष के रवैये और बेबुनियाद आरोपों से दुखी होकर नाजिश ने आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन परिवार ने उसे बचा लिया। फिलहाल युवती सदमे में है और लगातार रो रही है, जबकि उसका परिवार भी मानसिक रूप से टूट चुका है। घर में जहां बारात के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहीं कुछ ही घंटों में सबकुछ मातम में बदल गया। बैंक्वेट हॉल की सजावट भी रोक दी गई।
अब दुल्हन पक्ष दहेज में दिए गए सामान और पैसे वापस मांग रहा है। उनका कहना है कि दूल्हा पक्ष बिना वजह उनकी बेटी को बदनाम कर शादी तोड़ना चाहता था। फिलहाल किसी भी पक्ष ने पुलिस में तहरीर नहीं दी है, लेकिन परिवार इस घटना से बेहद दुखी और आक्रोशित है।
NGV PRAKASH NEWS


