👉43 यात्री थे बस में सवार…


कानपुर में चलती स्लीपर बस में अचानक लगी आग, पुलिस की सतर्कता से बचाई गई 43 यात्रियों की जान
कानपुर। 28 नवंबर 2025।
चकेरी थाना क्षेत्र के रामादेवी फ्लाईओवर पर शुक्रवार सुबह एक स्लीपर बस के ऊपर रखे सामान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद यातायात पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी की पलक ट्रेवेल्स की यह स्लीपर बस गुरुवार रात दिल्ली से वाराणसी के लिए निकली थी। बस में करीब 43 यात्री सवार थे और ऊपर की छत पर भी यात्रियों का सामान रखा हुआ था। शुक्रवार सुबह जब बस रामादेवी फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी संदिग्ध परिस्थितियों में ऊपर रखे सामान में आग लग गई।
आग लगते ही बस चालक ऋषि यादव वाहन रोककर मौके से भाग निकला। वहीं फ्लाईओवर पर स्थित पिकेट पॉइंट से लगभग 70 मीटर की दूरी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी तत्काल दौड़े और यात्रियों को खींचकर बस से बाहर निकाला। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के चलते फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर दमकल की आधा दर्जन गाड़ियां और चकेरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस और यात्रियों का सारा सामान जलकर खाक हो चुका था।
अग्निशमन अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। सौभाग्य से घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस ने बस को क्रेन से हटवाकर यातायात बहाल करा दिया।
NGV PRAKASH NEWS


