Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कांवड़ यात्रा को लेकर बस्ती प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने की बैठक; कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी
बस्ती, 09 अगस्त 2026।
श्रावण मास की पवित्र कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कांवड़ मार्ग पर यातायात और रूट डायवर्जन की पुख्ता व्यवस्था
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन और रूट डायवर्जन की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी रखी जाए, ताकि कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ आम लोगों को भी आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कांवड़ यात्रा मार्ग और सभी कांवड़ शिविरों के आसपास निरंतर साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा गया।
डीएम और एसपी ने कंट्रोल रूम का किया औचक निरीक्षण
बैठक के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में स्थापित अत्याधुनिक कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिले की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी की गहनता से समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने मुख्य चौराहों, कांवड़ मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड और स्ट्रीमिंग का जायजा लिया। प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरों को जूम कर संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की स्थिति भी देखी गई। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में तैनात कर्मियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
कांवड़ मार्ग को जोन और सेक्टर में बांटा गया
निरीक्षण के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा की विशालता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे कांवड़ मार्ग और जिले को जोन एवं सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में पर्याप्त पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि कांवड़ मार्ग की सड़कों की मरम्मत का कार्य पहले ही पूरा कराया जा चुका है। इसके साथ ही पूरे मार्ग पर साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
24 घंटे सक्रिय रहेंगे संयुक्त कंट्रोल रूम
कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पूरे रूट पर सब-स्टेशन एवं संयुक्त कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। इन स्थानों पर विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें 24 घंटे तैनात रहेंगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बस्ती पुलिस एवं प्रशासन कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
NGV PRAKASH NEWS