⏩ प्रदेश में आधी आबादी सुरक्षित नहीं..


शामली के बाबरी बाजार में किशोरी से छेड़छाड़ और पिटाई, व्यापारियों ने बंद कराया बाजार — दो आरोपी गिरफ्तार
शामली। 28 नवंबर 2025।
बाबरी गांव के बाजार में बृहस्पतिवार शाम छेड़छाड़ का विरोध करने पर 17 वर्षीय किशोरी को पांच–छह युवकों ने सरेआम जमीन पर गिराकर बेल्टों से पीटा, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के विरोध में व्यापारियों ने तुरंत बाजार बंद कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक दुकानें न खोलने की चेतावनी दी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। पूरी घटना बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी अपने दो भाइयों के साथ बाबरी बाजार में सामान खरीदने आई थी। इसी दौरान दूसरे वर्ग के पांच–छह युवकों ने उसका पीछा करते हुए अश्लील फब्तियां कसना शुरू कर दिया। किशोरी और उसके भाइयों ने विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ अभद्रता की और किशोरी को जबरन जमीन पर गिराकर बेल्टों से पिटाई कर दी।
घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई, जिससे आरोपी युवक वहां से भाग निकले। बाजार में फैली इस घटना की खबर से व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने बाजार बंद कर दिया। व्यापारियों का कहना था कि सभी आरोपी गिरफ्तार होने तक बाजार नहीं खोला जाएगा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान शुरू की। करीब एक घंटे तक बाजार में तनाव और हंगामे की स्थिति बनी रही। सीओ थानाभवन जितेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपी बिलाल और उस्मान निवासी बाबरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि मामला दो वर्गों से संबंधित है और संवेदनशीलता के साथ जांच की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS


