बड़े भाई के परिवार पर पत्नी का जेवर हड़पने का आरोप…

NGV PRAKASH NEWS

बड़े भाई पर पत्नी के जेवर लौटाने से इनकार का आरोप,

बस्ती, 19 दिसंबर 2025।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लालगंज थाना क्षेत्र के बाघापार गांव में पत्नी के जेवर हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित के अनुसार सुरक्षा के उद्देश्य से बड़े भाई के पास उसने जेवर रखे थे| बड़े भाई की मृत्यु के उसके परिजनों द्वारा जेवर वापस न करने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है | जिस पर लालगंज पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।

बाघापार निवासी अजय गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका घर बाजार से दूर और अपेक्षाकृत सुनसान स्थान पर स्थित है। इसी कारण उन्होंने अपनी पत्नी के जेवरात सुरक्षित रखने के लिए बड़े भाई विमल कुमार को सौंप दिए थे। इन जेवरों में सोने का एक मांगटीका, चांदी की पायल और एक जोड़ी हाथ की पलानी शामिल थी।

अजय गुप्ता के अनुसार, आपसी विश्वास के आधार पर 20 नवंबर 2017 को जेवरों को लेकर एक रसीद भी लिखी गई थी, जिस पर विमल कुमार ने गवाह राममणि मिश्र और बदरूद्दीन की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए थे।

बीते 21 सितंबर को विमल कुमार का निधन हो गया। ब्रह्मभोज और अन्य पारिवारिक रस्मों के बाद अजय गुप्ता ने अपने भतीजे पुनीत कुमार, उसकी पत्नी सीमा देवी और भतीजियों संध्या व सपना से जेवर वापस मांगे। आरोप है कि परिवारजनों ने जेवर उनके पास न होने की बात कहकर लौटाने से इनकार कर दिया।

थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुनीत कुमार, सीमा देवी, संध्या और सपना के खिलाफ जेवर हड़पने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *