NGV PRAKASH NEWS


उन्नाव के यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी के घर ED की छापेमारी
उन्नाव, 19 दिसंबर 2025।
25 वर्षीय अनुराग जो कुछ सालों पहले साइकिल से चला करते थे| आज उनके पास डिफेंडर जैसी गाड़ियां हैं और वह लग्जरी जीवन जीते हैं | यही नहीं दुबई में क्रूज पर शादी कर कर चर्चा में आ गए | अचानक हुए इस परिवर्तन के कारण अब वह ED की नजर में आ गए |
बात कर रहे हैं उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में चर्चित यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी की | जिनके ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की है। यह कार्रवाई ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स के प्रचार और उससे जुड़े संदिग्ध धन के लेन-देन को लेकर की गई है। जांच एजेंसी को संदेह है कि सोशल मीडिया के माध्यम से सट्टा एप्स को प्रमोट कर अर्जित की गई बड़ी रकम को विभिन्न माध्यमों से निवेश और संपत्तियों में लगाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुराग द्विवेदी ने ड्रीम–11 सहित अन्य ऑनलाइन फैंटेसी गेमिंग और सट्टा एप्स का प्रचार अपने यूट्यूब चैनल और इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए किया। सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता काफी अधिक है। उनके यूट्यूब चैनल पर करीब 70 लाख सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर लगभग 24 लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। इसी पहुंच के जरिए युवाओं को इन प्लेटफॉर्म्स से जोड़े जाने की बात जांच के दायरे में है।
सूत्रों के अनुसार, ED की टीम ने उन्नाव समेत अन्य स्थानों पर स्थित उनके ठिकानों पर तलाशी के दौरान कई अहम दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और बैंकिंग लेन-देन से जुड़ी जानकारियां जुटाई हैं। जांच के दौरान अनुराग द्विवेदी की लग्जरी लाइफस्टाइल भी एजेंसी के रडार पर है।
कभी साधारण जीवन जीने वाले और साइकिल से चलने वाले अनुराग के पास अब BMW, डिफेंडर सहित कई महंगी गाड़ियां हैं।
पिछले महीने दुबई में क्रूज पर हुई उनकी भव्य शादी कर चर्चा में आए अनुराग के खिलाफ यह भी जांच का अहम बिंदु मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, उन्होंने अपने गांव से करीब 30 लोगों को शादी में शामिल होने हवाई जहाज से दुबई बुलाया था और आने-जाने से लेकर ठहरने तक का पूरा खर्च खुद वहन किया था।
इसी खर्चीली शादी और अचानक बढ़ी संपत्ति के बाद जांच एजेंसियों की नजर अनुराग ठाकुर के इस बढ़ती हुई संपत्ति पर पड़ी।
प्रवर्तन निदेशालय इस पूरे मामले में यह पता लगाने में जुटी है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी से अर्जित धन का स्रोत क्या है, उसे किन-किन माध्यमों से इधर-उधर किया गया और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल जांच जारी है।
NGV PRAKASH NEWS
