NGV PRAKASH NEWS


रात भर सुर-लहरियों पर झूमे प्रतिभागी, दिन में हुआ सम्मान समारोह
गोरखपुर.
गोरखपुर के क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान चरगावां में 30 दिवसीय एकाउंटेबिलिटी प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर सांस्कृतिक और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सोशल आडिट निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित इस आवासीय सर्टिफिकेशन कोर्स में प्रदेश के 35 ब्लाक संसाधन व्यक्तियों ने भाग लिया था, जिसका शुभारंभ 19 नवंबर को हुआ था।
प्रशिक्षण के पूर्ण होने और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के नए प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत के अवसर पर गुरुवार रात सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने आधुनिक वाद्ययंत्रों के साथ पारंपरिक नृत्य और संगीत प्रस्तुत कर माहौल को जीवंत बना दिया। रात भर चली इन प्रस्तुतियों ने प्रतिभागियों और दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
अगले दिन आयोजित सम्मान समारोह में आरआइआरडी के उप निदेशक व आचार्य , राष्ट्रीय ग्राम्य विकास संस्थान हैदराबाद के मुख्य प्रशिक्षक और आरआइआरडी की सत्र प्रभारी ने सभी ब्लाक संसाधन व्यक्तियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तीन बीआरपी को मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में बस्ती के “विंदेश्वरी लाल श्रीवास्तव,” प्रतापगढ़ के बाल मुकुंद और कुशीनगर की बबिता सिंह शामिल रहीं।
उल्लेखनीय है कि 14 दिसंबर से 35 बीआरपी की सात टीमों ने भटहट ब्लाक की सात ग्राम पंचायतों में नौ दिनों तक रहकर सोशल आडिट किया था। इस दौरान ग्राम पंचायतों में पिछले छह माह में मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कराए गए विकास कार्यों का अभिलेखीय और स्थलीय सत्यापन किया गया तथा ग्राम सभाओं का आयोजन भी हुआ। इसके बाद एनआइआरडी हैदराबाद के वरिष्ठ अधिकारी द्वारा कड़ी लिखित और ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई, जिसके आधार पर प्रमाण पत्र जारी किए गए।
प्रशिक्षण प्राप्त सभी बीआरपी ने आरआइआरडी चरगावां के संकाय सदस्यों राजेंद्र कुमार, राकेश कुमार सिंह, दीपक तिवारी, कमल और प्रभु दयाल के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में दिनेश सिंह, अशोक वर्मा, अशोक राय, अनिल सिंह, श्रीकांत यादव, संजय सिंह, दौलतराम, दिनेश मिश्रा, अरुण कुमार, राजाराम और अच्छे लाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS
