लेफ्टिनेंट कर्नल के घर नोटों की गड्डियाँ बिखरी थीं, CBI और उसकी मशीन भी गिनते -गिनते हो गयी गर्म..

NGV PRAKASH NEWS

नोट गिनते-गिनते थकी CBI, लेफ्टिनेंट कर्नल के घर से 2.23 करोड़ नकद बरामद, पत्नी पर भी एफआईआर

नई दिल्ली 21 दिसम्बर 25।

देश की सुरक्षा से जुड़े तंत्र में भ्रष्टाचार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रक्षा मंत्रालय के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा के दिल्ली स्थित आवास पर केंद्रीय जांच ब्यूरो की छापेमारी में 2.23 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घर के भीतर नोटों की गड्डियां इस कदर बिखरी थीं कि सीबीआई अधिकारियों को रकम गिनने में घंटों लग गए और मशीनें तक गर्म हो गईं।

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई 19 दिसंबर 2025 को उस समय की गई, जब को इनपुट मिला कि रक्षा उत्पादन विभाग में डिप्टी प्लानिंग ऑफिसर के पद पर तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा एक बड़े रिश्वत नेटवर्क का हिस्सा हैं। आरोप है कि दुबई की एक कंपनी के साथ मिलकर रक्षा सौदों से जुड़े कामों में अवैध लेन-देन किया जा रहा था।

छापेमारी के दौरान अलमारियों में कपड़ों से ज्यादा गुलाबी नोटों के बंडल मिले। कुल 2.23 करोड़ रुपये की नकदी दिल्ली से जब्त की गई, जबकि राजस्थान के श्रीगंगानगर से 10 लाख रुपये नकद और कई संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। बरामदगी की मात्रा यह संकेत दे रही है कि रिश्वत का यह खेल लंबे समय से चल रहा था।

मामले में एक और बड़ा खुलासा तब हुआ, जब लेफ्टिनेंट कर्नल की पत्नी कर्नल काजल बाली का नाम भी एफआईआर में दर्ज किया गया। कर्नल काजल बाली वर्तमान में श्रीगंगानगर में कमांडिंग ऑफिसर के पद पर तैनात हैं। सीबीआई का कहना है कि पति-पत्नी दोनों की भूमिका इस पूरे नेटवर्क में संदिग्ध पाई गई है।

सीबीआई ने लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा और कथित रूप से रिश्वत देने वाले विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने दोनों आरोपियों को 23 दिसंबर 2025 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब जांच का फोकस दुबई से जुड़े उस कारोबारी नेटवर्क पर है, जिसके जरिए यह लेन-देन हुआ।

जांच एजेंसियां यह भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या इस कथित रिश्वतखोरी के बदले देश की सुरक्षा से जुड़ी कोई संवेदनशील जानकारी साझा की गई। अगर ऐसा साबित होता है, तो यह मामला सिर्फ भ्रष्टाचार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरे के रूप में देखा जाएगा। इस कार्रवाई के बाद रक्षा प्रतिष्ठानों और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *