Gyan Prakash Dubey

कोहरे में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, हाईवे पर बढ़ी पेट्रोलिंग, 5.75 लाख की वसूली
बस्ती। 23 दिसंबर 2025।
शीत ऋतु में घने कोहरे के कारण घटती दृश्यता को देखते हुए आमजन की सुरक्षा और जनहानि रोकने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। परियोजना निदेशक एनएचएआई, परिवहन विभाग, यातायात विभाग और लोक निर्माण विभाग को कोहरा प्रभावित कॉरिडोर और दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाने, एम्बुलेंस, क्रेन और फायर टेंडर की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर हाई मास्ट लाइट और एंटी-फॉग लाइट लगाने, लेन मार्किंग, रिफ्लेक्टर-डेलिनेटर, कैट आई और रेट्रो-रिफ्लेक्टिव साइनेज की समुचित व्यवस्था करने को कहा है। सड़क किनारे खड़े या खराब वाहनों को तत्काल हटाने के लिए प्रभावी पेट्रोलिंग और क्रेन के माध्यम से सुरक्षित स्थलों पर खड़ा कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में शत-प्रतिशत रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप लगाने और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए वाहन चालकों को कोहरे को लेकर लगातार चेतावनी देने पर जोर दिया गया है।
इन निर्देशों के क्रम में परिवहन विभाग द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध पार्किंग और गन्ना लदे ओवरहाइट ट्रकों के खिलाफ सात वाहनों का चालान किया गया। हाईवे किनारे स्थित यूरिया पंप मालिकों को भी अपने टैंक और संबंधित उपकरण तत्काल राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन के अनुसार दिसंबर माह में 23 दिसंबर 2025 तक ओवरलोड में 29 वाहन, बिना रिफ्लेक्टर 58 वाहन, गन्ना लदे/ओवरहाइट 67 वाहन और अवैध पार्किंग में 91 वाहनों के खिलाफ चालान या निरुद्धीकरण की कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत कुल 5.75 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूल किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी सघन कार्रवाई जारी रहेगी।
NGV PRAKASH NEWS
