सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने पत्नी को इस कारण मारी गोली और थाने जाकर कर दिया सरेंडर…

NGV PRAKASH NEWS


पत्नी की गोली मारकर हत्या, सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने थाने जाकर किया सरेंडर

बेंगलुरु, 24 दिसंबर 2025।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेंगलुरु में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक 40 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अलग रह रही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद पास के पुलिस थाने जाकर सरेंडर कर दिया।

वहीं दिन दहाड़े घटी इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार मृतका भुवनेश्वरी (39) यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बसवेश्वरनगर शाखा में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। मंगलवार शाम जब वह कार्यालय से लौट रही थीं, तभी मगाडी रोड के पास आरोपी बालामुरुगन ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और बेहद करीब से पिस्तौल से चार गोलियां दाग दीं। गंभीर हालत में भुवनेश्वरी को शानबाग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों की शादी वर्ष 2011 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं | आपसी विवाद के चलते वे पिछले करीब 18 महीनों से अलग रह रहे थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी कारण भुवनेश्वरी छह महीने पहले व्हाइटफील्ड छोड़कर राजाजीनगर में रहने लगी थीं, लेकिन आरोपी ने उनका पता लगा लिया और नजर रखने के लिए चार महीने पहले केपी अग्रहारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चोलुरपाल्या इलाके में आकर रहने लगा।

पुलिस के अनुसार एक सप्ताह पहले आरोपी ने तलाक के लिए भुवनेश्वरी को कानूनी नोटिस भी भेजा था। वेस्ट डिवीजन के डीसीपी एस. गिरीश ने बताया कि आरोपी पहले एक निजी आईटी कंपनी में काम करता था, लेकिन पिछले चार वर्षों से बेरोजगार था। आरोपी और पीड़िता दोनों मूल रूप से तमिलनाडु के सेलम जिले के निवासी हैं।

हत्या के बाद बालामुरुगन सीधे मगाडी रोड थाने पहुंचा, अपना अपराध कबूल किया और हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *