
NGV PRAKASH NEWS
उत्तर प्रदेश से शुरू हुई Google की एंड्रॉयड इमरजेंसी लोकेशन सर्विस
नई दिल्ली, 24 दिसंबर 2025।
Google ने भारत में एंड्रॉयड इमरजेंसी लोकेशन सर्विस यानी ईएलएस(ELS) को शुरू कर दिया है |
गूगल की इस सेवा की शुरुआत सबसे पहले उत्तर प्रदेश से की गई है। इस सेवा के तहत जैसे ही कोई एंड्रॉयड स्मार्टफोन उपयोगकर्ता इमरजेंसी नंबर 112 पर कॉल करता है, उसकी लोकेशन अपने आप संबंधित इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर तक पहुंच जाती है, जिससे पुलिस, एंबुलेंस और अन्य आपात सेवाओं को मौके पर पहुंचने में आसानी होगी।
⏩ प्राप्त जानकारी के अनुसार Google की यह सेवा राज्य सरकार और स्थानीय इमरजेंसी कॉलिंग सिस्टम से सीधे जुड़ी हुई है। उत्तर प्रदेश की सीमा के भीतर कोई भी एंड्रॉयड फोन यूजर 112 नंबर डायल करता है तो उसकी लोकेशन तुरंत ट्रिगर होकर इमरजेंसी सेंटर को भेज दी जाती है। खास बात यह है कि अगर कॉल किसी कारणवश बीच में ही कट जाए, तब भी कॉल करने वाले व्यक्ति की लगभग 50 मीटर के दायरे की लोकेशन सिस्टम तक पहुंच जाती है, जिससे मदद में देरी न हो।
इस सेवा के द्वारा केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि मेडिकल सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। किसी हादसे, बीमारी या अन्य संकट की स्थिति में व्यक्ति को अपनी लोकेशन बताने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि सिस्टम खुद ही उसकी लोकेशन साझा कर देगा। इससे उन परिस्थितियों में बड़ी मदद मिलेगी, जब व्यक्ति घबराहट में होता है, इंटरनेट काम नहीं कर रहा होता या मोबाइल की बैटरी खत्म होने वाली होती है।
Google ने स्पष्ट किया है कि इस सेवा में प्राइवेसी का भी पूरा ध्यान रखा गया है। यह सुविधा केवल इमरजेंसी कॉल या मैसेज के दौरान ही सक्रिय होती है। यूजर की लोकेशन सीधे फोन से सरकारी इमरजेंसी सेंटर तक जाती है और इसे Google खुद भी नहीं देखता, बल्कि यह केवल संबंधित सरकारी एजेंसी तक ही सीमित रहती है।
हालांकि फिलहाल यह सुविधा केवल एंड्रॉयड स्मार्टफोन के लिए उपलब्ध है और आईओएस के लिए अभी इसे शुरू नहीं किया गया है। Google का कहना है कि आगे चलकर इसे अन्य राज्यों में भी चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS
