पत्नी नें पति की कुल्हाड़ी से काट कर की हत्या….

NGV PRAKASH NEWS


शराब के नशे में पत्नी ने कुल्हाड़ी से काटकर की पति की हत्या, हादसा बताने की कोशिश नाकाम

कानपुर, 25 दिसंबर 2025।

बिठूर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक महिला ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपने ही पति की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद महिला ने घटना को दुर्घटना बताकर मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों के शक और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सच्चाई सामने आ गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 45 वर्षीय पप्पू के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पत्नी बुधवार रात अपनी बहन के घर से शराब पीकर लौटी थी। घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर पत्नी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पति पर एक के बाद एक कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद महिला ने इसे हादसा बताने के उद्देश्य से अपने मायके और ससुराल पक्ष को सूचना दी। सूचना मिलने पर जब परिजन घर पहुंचे तो अंदर खून फैला हुआ था और महिला फर्श साफ करती हुई मिली, जिससे उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

बिठूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पप्पू को पहले एक निजी अस्पताल भिजवाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे हैलट अस्पताल रेफर किया गया। गुरुवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और शराब सेवन को घटना की वजह माना जा रहा है।

थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *