

NGV PRAKASH NEWS
मदद के बहाने बदला एटीएम कार्ड, खाते से उड़ाए 95 हजार रुपये
कुसौरा बाजार के एटीएम में हुई ठगी, पीड़ित ने कलवारी थाने में दी तहरीर
बस्ती, 4 अक्टूबर 2026.
कलवारी थाना क्षेत्र के कुसौरा बाजार में स्टेट बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे एक व्यक्ति के साथ मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदलकर खाते से करीब 95 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कलवारी पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के रसोइया गांव निवासी भुलई राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 3 अक्टूबर को करीब 11 बजे कुसौरा बाजार स्थित स्टेट बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए थे। इसी दौरान एटीएम के अंदर मौजूद एक व्यक्ति ने मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड अपने हाथ में ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान जालसाज ने उनका कार्ड बदल दिया और उन्हें दूसरा कार्ड थमा दिया।
कुछ समय बाद भुलई राम के मोबाइल पर उनके बैंक खाते से रुपये निकाले जाने का संदेश आया। इसके बाद उन्होंने बैंक से संपर्क किया, जहां उन्हें एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी हुई। पीड़ित के मुताबिक, जालसाज ने उनके खाते से करीब 95 हजार रुपये निकाल लिए।
घटना की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने कलवारी थाने पहुंचकर तहरीर दी और पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही खाते से निकाली गई रकम वापस कराने की मांग की।
थानाध्यक्ष कलवारी संतोष कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS