लव मैरिज के 11वें महीने पति-पत्नी नें इस वजह से फांसी लगा दी जान..

NGV PRAKASH NEWS


प्रेम विवाह के 11 माह बाद पति-पत्नी ने अलग-अलग जगह लगाई फांसी, शक और विवाद बना वजह

अलीगढ़ 25 दिसम्बर 25.

अलीगढ के बन्ना देवी थाना क्षेत्र के बीमा नगर इलाके में प्रेम विवाह के महज 11 महीने बाद एक दंपति की अलग-अलग जगहों पर आत्महत्या करने की घटना सामने आई है। पहले पति ने अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर जान दी और कुछ घंटों बाद पत्नी ने अपनी मौसी के घर जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और एक-दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय तरुण उर्फ तन्नू नगर निगम के ठेके और शादी समारोहों में काम करता था। उसी मोहल्ले में रहने वाली हमउम्र अंजली से उसके प्रेम संबंध हो गए थे। दोनों के अलग-अलग जाति के होने के कारण परिवारों ने शुरू में विरोध किया, लेकिन मई 2024 में दोनों घर से भाग गये और जनवरी 2025 में दोनों नें प्रेम विवाह कर लिया |

विवाह कर लौटने के बाद तरुण के परिवार ने दोनों को घर में जगह दी | कुछ ही समय में दोनों में आपसी विवाद शुरू हो गया।

परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार युवती,पति पर शक करती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। विवाद बढ़ने पर दोनों ने परिवार की सहमति से घर से कुछ दूरी पर किराए का कमरा ले लिया, लेकिन वहां भी तनाव खत्म नहीं हुआ। मंगलवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद युवती मायके की चली गई।

बुधवार सुबह जब तरुण काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो ऊपर रहने वाले किरायेदार की नजर जंगले से उसके लटके शव पर पड़ी। सूचना पर दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया और मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई।

अभी तरुण का शव पोस्टमार्टम के बाद घर भी नहीं पहुंचा था कि शाम को सूचना मिली कि अंजली ने अपनी मौसी के घर सूत मिल क्षेत्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वहां भी जांच-पड़ताल की।

सीओ द्वितीय कमलेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच शक और आपसी विवाद मुख्य कारण रहे हैं। फिर भी मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

तरुण के परिजनों ने पत्नी और उसके मायके पक्ष पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि युवती तरुण को परिवार से अलग करने का दबाव बनाती थी और उस पर बेवजह शक करती थी। वहीं युवती के परिवार का कहना है कि घर छोड़ने के बाद से उनका उससे कोई संबंध नहीं था और उन्हें इस पूरे घटनाक्रम की कोई जानकारी नहीं थी।

वही मिली जानकारी के अनुसार तरुण तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था और मजदूरी करने वाले पिता का सहारा था। परिवार का कहना है कि विवाद के बावजूद उन्होंने दोनों को स्वीकार कर लिया था और अलग रहने की अनुमति भी दी थी, लेकिन हालात इस हद तक बिगड़ जाएंगे, इसका अंदाजा उन्हें नहीं था।

पुलिस का कहना है कि दोनों मौतों की जांच अलग-अलग की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *