NGV PRAKASH NEWS

बेहोश कर दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोप, पीड़िता ने खुद बनाया वीडियो सबूत, आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर, 26 दिसंबर 2025।
खोराबार थाना क्षेत्र से सामने आए एक मामले में एक महिला ने मेडिकल स्टोर संचालक पर बेहोश कर दुष्कर्म करने और बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता का पति विदेश में रहता है और वह अपने सास-ससुर व बच्चों के साथ गोरखपुर में रहती है। 19 सितंबर को वह किसी काम से बाजार गई थी और रास्ते में तबीयत खराब होने पर मजनूं तिराहा स्थित एक मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गई। वहां मौजूद संचालक किशुन गुप्ता, जिसे वह पहले से जानती थी, ने उसे अंदर बुलाकर दवा दी और आराम करने के लिए कहा। आरोप है कि इसके बाद वह बेहोश हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि बेहोशी की हालत में मेडिकल स्टोर संचालक ने दुकान अंदर से बंद कर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसका वीडियो भी बना लिया। इसके बाद आरोपी ने इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर करीब तीन महीने तक उसका शोषण करता रहा।
पीड़िता का कहना है कि जब दबाव असहनीय हो गया तो उसने आरोपी की करतूत का सबूत जुटाने का फैसला किया। एक दिन जब आरोपी उसके पास आया तो उसने पहले से ही मोबाइल फोन छिपाकर रख दिया और जबरन शारीरिक संबंध बनाते समय पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया। इसके बाद वह पुलिस के पास पहुंची और वीडियो सौंपकर शिकायत दर्ज कराई।
सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
NGV PRAKASH NEWS
