NGV PRAKASH NEWS

समयपुर बादली में युवक की नृशंस हत्या, प्रेम प्रसंग बना वजह; दो दोस्त गिरफ्तार
नई दिल्ली, 26 दिसंबर 2025।
बाहरी-उत्तरी जिले के समयपुर बादली इलाके में 18 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर शव मुनक नहर में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सदर बाजार निवासी अंकित के रूप में हुई है, जो अपने मामा के साथ वेल्डिंग का काम करता था। पुलिस ने इस हत्याकांड में अंकित के ही दो करीबी दोस्तों आशीष और विशाल धिलोद को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि अंकित और आरोपियों की मौसेरी बहन के बीच प्रेम संबंध थे, जिसका दोनों आरोपी विरोध कर रहे थे और इसी रंजिश में उन्होंने हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार 18 नवंबर को आरोपियों ने अंकित को बात करने के बहाने टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन बुलाया और वहां से उसे गड्ढा कॉलोनी ले गए। पहले उसकी पिटाई की गई, फिर हाथ-पांव बांधकर पेड़ काटने वाले दाव से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को टाटा-ऐस मिनी टेंपो में डालकर बवाना क्षेत्र स्थित मुनक नहर में फेंक दिया गया ताकि पहचान और सबूत मिटाए जा सकें।
बाहरी-उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त के अनुसार 22 नवंबर को हैदरपुर ट्रीटमेंट प्लांट के पास मुनक नहर से एक युवक का शव बरामद हुआ था, जिसके हाथ-पैर बंधे थे और सिर पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे। शुरुआती तौर पर शव की पहचान नहीं हो सकी थी। समयपुर बादली थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई और जिपनेट के जरिए शव की पहचान अंकित के रूप में हुई। इससे पहले 18 नवंबर को उसके परिजनों ने गुलाबी बाग थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान स्पेशल सेल ने आशीष को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में विशाल के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि घटना के बाद वे मानसिक दबाव में थे और अंततः आशीष ने स्पेशल सेल में तैनात अपने एक रिश्तेदार के सामने पूरी सच्चाई बता दी और सरेंडर करने की इच्छा जताई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया दाव, टाटा-ऐस मिनी टेंपो, स्कूटी और अन्य सामान बरामद कर लिया है।
पोस्टमार्टम के बाद अंकित का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है | इस नृशंस हत्या से जहाँ इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
NGV PRAKASH NEWS
