Gyan Prakash Dubey


बस्ती में सोना बताकर सात लाख की ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, नकली धातु और नकदी बरामद
बस्ती, 26 दिसंबर 2025।
जनपद बस्ती के थाना परसरामपुर, गौर, सोनहा और एसओजी व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सोना बताकर नकली धातु बेचने और सात लाख रुपये की ठगी करने वाले तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी बेदीपुर बाजार में हुई उस वारदात के सिलसिले में की गई है, जिसमें ज्वैलरी व्यापारी से धोखाधड़ी कर नकली धातु थमा दी गई थी।
पुलिस के अनुसार 7 दिसंबर 2025 को बेदीपुर बाजार स्थित सोना-चांदी की दुकान पर तीनों आरोपी पहुंचे और खुद को असली सोना बेचने वाला बताते हुए दुकानदार से पांच लाख रुपये नकद और करीब दो लाख रुपये के गहने ले लिए। बाद में जब व्यापारी ने धातु की जांच कराई तो वह नकली निकली। इस पर दुकानदार अखिलेश कुमार सोनी की तहरीर पर थाना परसरामपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था और पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर 26 दिसंबर की सुबह करीब 10 बजे बेदीपुर नहर पुलिया के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक मोबाइल फोन, 21,500 रुपये नकद और 15 पीली धातु के लॉकेट बरामद किए हैं, जिन्हें जांच में नकली पाया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमेर सिंह निवासी जोनई, थाना जैत, जिला मथुरा; महेंद्र नायक और गोटिया, दोनों निवासी बगडराजपुर, थाना तिराया, जिला अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार पूछताछ में सामने आया है कि तीनों आरोपी अलग-अलग जिलों में घूमकर इसी तरह सोना बताकर नकली धातु बेचने और ठगी करने की वारदातों को अंजाम देते थे।
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और पूर्व में की गई अन्य ठगी की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं यह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा तो नहीं हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
NGV PRAKASH NEWS
