डीएम कृतिका ज्योत्स्ना द्वारा ठंड को देखते हुए लगातार भ्रमण कर किया जा रहा निरीक्षण…

Gyan Prakash Dubey


शीतलहर के बीच डीएम ने हरैया नगर पंचायत का निरीक्षण किया, रैन बसेरा और अलाव व्यवस्था का लिया जायजा

बस्ती, 30 दिसंबर 2025।
शीतलहर के दृष्टिगत आमजन को ठंड से राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने नगर पंचायत हरैया क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र में स्थापित रैन बसेरा तथा सार्वजनिक स्थलों पर की गई अलाव व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर मौजूद लोगों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शीतलहर की अवधि में अलाव नियमित रूप से प्रज्वलित रहें और रैन बसेरा में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी न हो।

उन्होंने रात्रिकालीन गश्त को प्रभावी बनाए रखने के भी निर्देश दिए ताकि कोई भी निराश्रित या जरूरतमंद व्यक्ति ठंड में खुले में न रहने पाए और उन्हें तत्काल रैन बसेरा तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने नगर पंचायत और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शीतलहर के दौरान जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस प्रकार के निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *