उत्तर प्रदेश के 17 जिलों में कोहरे का आरेंज अलर्ट:साथ ही इन जिलों में होगी बारिश…

NGV PRAKASH NEWS

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, पहली जनवरी को पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना, 37 जिलों में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

लखनऊ/बस्ती, 31 दिसंबर 2025।
उत्तर प्रदेश में जारी कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते तापमान में गिरावट थमने लगेगी और अगले चार दिनों में दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री तथा रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

विक्षोभ के असर से पहली जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तराई हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर समेत पश्चिमी यूपी के करीब 17 जिलों में छिटपुट बारिश के संकेत हैं।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के 37 जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 17 जिलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट के चलते शीत दिवस की चेतावनी दी गई है।

मंगलवार को कानपुर शहर में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ठंडी रात रही। घने कोहरे के कारण प्रयागराज, आगरा, गाजियाबाद और सहारनपुर में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। वहीं हमीरपुर में 20 मीटर तथा अमेठी, अलीगढ़, झांसी और फतेहपुर जैसे जिलों में दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी, कोहरे के घनत्व में कमी आएगी और शीत दिवस की स्थिति से राहत मिलने लगेगी। अगले चार दिनों तक दिन चढ़ने के साथ हल्की धूप निकलने और तापमान में बढ़त से आमजन को ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है।

कोहरे और शीत दिवस से प्रभावित जिलों में कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा और औरैया समेत आसपास के इलाके शामिल हैं।

अति शीत दिवस की चेतावनी फतेहपुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कानपुर नगर, बरेली, पीलीभीत और हमीरपुर जैसे जिलों के लिए जारी की गई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *