NGV PRAKASH NEWS

जोधपुर में युवती को भगाने के आरोपी युवक पर हमला, हाथ-पैर तोड़े, नाक काटी
प्राप्त जानकारी के अनुसार जोधपुर के लूनी थाना क्षेत्र में युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोपी युवक पर शुक्रवार को ग्रामीणों ने हमला कर दिया। आरोप है कि लोगों ने युवक की जमकर पिटाई की, उसके हाथ-पैर तोड़ दिए और धारदार हथियार से उसकी नाक काट दी। हमले के बाद आरोपी को लहूलुहान हालत में मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावर घटना के बाद मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान दिनेश बिश्नोई के रूप में हुई है, जो आठ दिन पहले पड़ोसी गांव की एक युवती को भगा ले गया था। पुलिस और ग्रामीणों के दबाव के बाद युवक ने गुरुवार को युवती को छोड़ दिया था और युवती थाने पहुंच गई थी। शुक्रवार दोपहर दिनेश एक एसयूवी वाहन से गांव आया था, तभी ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। मारपीट में उसके हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि धारदार हथियार से उसकी नाक काट दी गई, जिससे काफी खून बहने लगा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। सहायक पुलिस आयुक्त बोरानाडा आनंदसिंह राजपुरोहित ने बताया कि दिनेश के खिलाफ युवती को भगाने को लेकर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।
थानाधिकारी सुरेश चौधरी के अनुसार दिनेश को पहले एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार किया जा चुका था। पैरोल पर छूटने के बाद वह फरार हो गया था। इसके अलावा वह पोक्सो एक्ट के मामले में भी आरोपी है और जमानत पर छूटने के बाद अदालत में पेश नहीं हो रहा था। पुलिस अब हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।
NGV PRAKASH NEWS
