देवरा पकड़ कर खींचता तो शौहर कहता जब…नहीं लाई हो तो दिक्कत क्या है…

NGV PRAKASH NEWS


दहेज के लिए नवविवाहिता पर अत्याचार, देवर पर छेड़छाड़ का आरोप, तीन तलाक देकर बेटी समेत घर से निकाला

बागपत, 2 जनवरी 2026।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर शारीरिक, मानसिक और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पीड़िता परवीन का कहना है कि उसे दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित किया गया और अंततः उसे उसकी मासूम बेटी के साथ घर से निकाल दिया गया।

पीड़िता के अनुसार उसका निकाह दिसंबर 2022 में मेरठ के सिवालखास निवासी सुहैल से हुआ था। शादी के कुछ ही समय बाद ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग शुरू कर दी, जो समय के साथ बढ़ती चली गई। जब मांग पूरी नहीं हुई तो उसके साथ मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और अपमान का सिलसिला शुरू हो गया।

महिला का आरोप है कि उसका देवर जैद उसके साथ लगातार छेड़छाड़ करता था और कई बार जबरन उसके कमरे में खींच ले जाकर गलत हरकत करने की कोशिश करता था। जब उसने इसकी शिकायत अपने पति से की तो उसे न्याय दिलाने के बजाय पति ने उल्टा ताना मारते हुए कहा कि दहेज नहीं लाई है तो जो हो रहा है होने दो। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसकी सास ने दहेज को लेकर उसके पैरों पर गर्म पानी डालकर उसे जलाया।

पीड़िता का कहना है कि उसके मायके वालों ने रिश्ता बचाने के लिए कई बार पैसे दिए और बाइक भी दी, लेकिन इसके बाद भी ससुराल पक्ष की मांगें खत्म नहीं हुईं और बाद में कार की मांग रख दी गई। जब यह मांग पूरी नहीं हुई तो पति ने तीन बार तलाक बोलकर उसे उसकी बेटी समेत घर से निकाल दिया।

इसके बाद पीड़िता ने बागपत पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है और थाना प्रभारी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पीड़िता ने न्याय की मांग करते हुए कहा है कि उसे केवल दहेज नहीं लाने की वजह से उसकी इज्जत, सुरक्षा और जीवन तक को खतरे में डाल दिया गया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *