मोबाइल चोरी कर खाते से रुपया उड़ाने वाले आरोपियों को साइबर पुलिस ने किया अरेस्ट…….

Gyan Prakash Dubey


मोबाइल चोरी कर खाते से 89 हजार की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पैसा और फोन बरामद
बस्ती, 06 जनवरी 2026

बस्ती जनपद में मोबाइल फोन चोरी कर उसके जरिए खाते से 89 हजार 100 रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को साइबर स्वाट टीम और साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन और पूरी ठगी की रकम भी बरामद कर ली गई है।

यह मामला 30 दिसंबर 2025 को सामने आया था, जब थाना छावनी क्षेत्र के ग्राम सौरी निवासी सूर्यनाथ पाठक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 दिसंबर 2025 को उनका मोबाइल फोन घर से चोरी हो गया था। मोबाइल गुम होने की सूचना उन्होंने थाने में दी थी, लेकिन 27 दिसंबर को जब वह एटीएम से पैसा निकालने पहुंचे तो पता चला कि उनके बैंक खाते से यूपीआई के जरिए 89 हजार 100 रुपये की निकासी हो चुकी है। इसके बाद थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान साइबर स्वाट टीम और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और 6 जनवरी 2026 को प्रिया पाठक और सूरज पाठक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी ग्राम सौरी पोस्ट शंकरपुर थाना छावनी के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी गया सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन और पूरी ठगी की रकम 89 हजार 100 रुपये बरामद कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *