
Gyan Prakash Dubey
NGV PRAKASH NEWS
बस्ती के दुबौलिया में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पति गिरफ्तार
बस्ती 7 जनवरी 26.
दुबौलिया थाना क्षेत्र के ऊंजी पिपरी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दहेज हत्या से जुड़े इस मामले में वांछित चल रहे गौरव सिंह को मंगलवार दोपहर सैनिया तिराहा से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना दुबौलिया में मुकदमा संख्या 06/2026 के तहत बीएनएस की धारा 85, 80(2) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गौरव सिंह ऊंजी पिपरी गांव का ही रहने वाला है। उसे मंगलवार दोपहर करीब 12:15 बजे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
यह मामला 6 जनवरी 2026 का है, जब ऊंजी पिपरी गांव में एक कमरे के भीतर 25 वर्षीय दीक्षा सिंह का शव पंखे से लटका मिला था। परिजनों द्वारा उसे नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस को दिए गए बयान में पति गौरव सिंह ने बताया था कि वह सोमवार शाम भोजन के बाद घर से कुछ दूरी पर स्थित मुर्गी फार्म पर सोने चला गया था। घर पर उस समय उसकी मां, बहन और पत्नी मौजूद थीं। रात करीब साढ़े दस बजे बहन रिया का फोन आया कि दीक्षा फोन नहीं उठा रही है। इसके बाद वह घर पहुंचा और देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांकने पर दीक्षा पंखे से लटकी दिखाई दी, जिसके बाद दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया।
घटना की सूचना पर यूपी 112 और दुबौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के भाई सागर सिंह को भी घटना की सूचना दी गई।
परिजनों के अनुसार दीक्षा का विवाह वर्ष 2022 में हुआ था। उसके दो बच्चे हुए थे, लेकिन दोनों की कुछ दिनों बाद मृत्यु हो गई थी। परिजनों ने दीक्षा की मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
— NGV PRAKASH NEWS

