NGV PRAKASH NEWS

पूरा बिल चुकाने तक शव न देने पर निजी अस्पताल के खिलाफ मुकदमा
हल्द्वानी, 07 जनवरी 2026।
महिला की मौत के बाद शव देने से इनकार करने और परिजनों से पूरा बिल वसूलने के दबाव के मामले में एक निजी अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के गोलना करड़िया निवासी टैक्सी चालक नंदन बिरौड़िया से जुड़ा है, जिनकी पत्नी सीमा की हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार सीमा को अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज से हायर सेंटर रेफर किए जाने के बाद बीते शनिवार को हल्द्वानी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती करते समय परिजनों से पहले 50 हजार रुपये और बाद में 7 हजार रुपये जमा कराए गए। भर्ती होने के करीब दो घंटे के भीतर ही सीमा की मौत हो गई, लेकिन इसके बावजूद इलाज के नाम पर कुल 90 हजार रुपये का बिल थमा दिया गया।
परिजन आर्थिक स्थिति का हवाला देकर पूरा भुगतान नहीं कर सके और करीब 30 हजार रुपये बकाया रह गया। इस पर अस्पताल प्रबंधन ने पूरा बिल चुकाए बिना शव देने से इनकार कर दिया, जिससे अस्पताल परिसर में हंगामा हो गया।
पीड़ित पति की शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की शिकायत एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी से किए जाने के बाद उनके हस्तक्षेप पर ही अस्पताल प्रबंधन ने मृत्यु प्रमाण पत्र और शव परिजनों को सौंपा।
पुलिस के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है।
— NGV PRAKASH NEWS
👉 फोटो सांकेतिक
