विधवा साली ने दिया बेटे को जन्म: जीजा ने किया 20 हजार में सौदा…….

NGV PRAKASH NEWS


विधवा साली ने दिया बेटे को जन्म, जीजा ने अपने ही बच्चे का किया सौदा, 20 हजार में बेची मोहब्बत की निशानी

रामपुर, 11 जनवरी 2026 —
रामपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी विधवा साली से अवैध संबंधों के चलते पैदा हुए नवजात बेटे को महज 20 हजार रुपये में बेच दिया। आरोप है कि युवक ने यह सौदा सिर्फ इसलिए किया ताकि निजी अस्पताल का बकाया बिल चुकाया जा सके। इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश और हैरानी पैदा कर दी है।

मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। बताया गया कि आरोपी युवक का काशीपुर निवासी अपनी विधवा साली के साथ लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पत्नी के विरोध के बावजूद उसने संबंध खत्म नहीं किए। इसी दौरान साली गर्भवती हो गई। कुछ दिन पहले आरोपी ने उसे स्वार क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में अपनी पत्नी बताकर भर्ती कराया, जहां ऑपरेशन के जरिए एक बेटे का जन्म हुआ।

अस्पताल का बिल करीब 20 हजार रुपये बना, जिसे चुकाने के लिए आरोपी के पास पैसे नहीं थे। आरोप है कि इसी कारण उसने नवजात बच्चे को बेचने की साजिश रची। वह अस्पताल से यह कहकर बच्चे को ले गया कि नवजात कमजोर है और उसे मुरादाबाद किसी अस्पताल में मशीनों पर रखना है। इसके बाद उसने कथित तौर पर बच्चे को किसी अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया और मिले पैसों से अस्पताल का बिल भरकर साली को डिस्चार्ज करा लिया।

जब पत्नी को बहन के प्रसव और नवजात के गायब होने की जानकारी मिली तो उसने शोर मचा दिया। मायके वालों की मदद से उसने पति को अजीमनगर स्थित घर के एक कमरे में रातभर बंद रखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पति को थाने ले आई। बाद में पत्नी और उसके मायके वाले भी थाने पहुंचे। दोनों पक्षों के लोगों को बुलाकर बातचीत कराई गई, जिसमें आपसी समझौते की बात भी सामने आई।

थानाध्यक्ष कर्म सिंह पाल ने बताया कि महिला ने पति पर अपनी विधवा बहन से अवैध संबंध रखने और नवजात को बेचने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पति का शांतिभंग में चालान किया गया है और महिला से लिखित तहरीर देने को कहा गया है। नवजात बच्चे की तलाश जारी है।

उधर अस्पताल संचालक ने भी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि आरोपी बच्चे को यह कहकर ले गया था कि उसे दूसरी जगह इलाज के लिए ले जा रहा है। बच्चे को किसे बेचा गया या कहां ले जाया गया, इसकी कोई जानकारी अस्पताल के पास नहीं है। शाम को आरोपी ने दवाओं और इलाज का भुगतान किया और महिला के साथ अस्पताल से चला गया।

पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद पूरे मामले की विधिक जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी और बच्चे की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *