ताबड़तोड़ चोरी की घटनाओं से खुली पुलिस गस्त की पोल…….

NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में ताबड़तोड़ चोरी की घटनाओं से पुलिस गश्त पर उठे सवाल, टिनिच बुद्ध बाजार में लाखों की चोरी

बस्ती, 14 जनवरी 2026 —
बस्ती जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोनहा और कोतवाली क्षेत्र के बाद अब गौर थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है, जिससे व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया है।

गौर थाना क्षेत्र के टिनिच बुद्ध बाजार में स्थित अरविंद मोबाइल एंड इलेक्ट्रॉनिक सेंटर में बीती देर रात चोरों ने नकबजनी कर बड़ी चोरी को अंजाम दिया। चोर दुकान के पीछे से नकब काटकर भीतर घुसे और चैनल गेट का ताला तोड़ दिया। इसके बाद दुकान में रखे करीब दो दर्जन मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान समेट ले गए। चोरी की कुल कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी जा रही है।

चोर अपने साथ दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का हार्ड डिस्क भी निकाल कर ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। हैरानी की बात यह रही कि जिस समय यह पूरी वारदात हुई, उस दौरान बाजार क्षेत्र में पुलिस की गश्त होने की बात कही जा रही थी, इसके बावजूद किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी।

घटना के बाद बाजार में व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि बीच बाजार में इस तरह की बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पीड़ित दुकानदार अरविंद चौधरी ने थाने में तहरीर देकर चोरी की सूचना दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और बाजार में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों को चिन्हित करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से जिले के व्यापारियों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

दोनों चित्र -सांकेतिक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *