NGV PRAKASH NEWS

नाबालिग को अगवा कर चार दिन तक दुष्कर्म, धमकाकर जबरन उठाने का आरोप
बरेली, 16 जनवरी 2026 —
बारादरी क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोप है कि मोहल्ले के ही समीर और जुनैद ने एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर घर से अगवा कर लिया और सेटेलाइट इलाके के पास स्थित एक होटल में ले जाकर बंधक बना लिया। पीड़िता के परिजनों के अनुसार किशोरी को चार दिन तक कमरे में बंद रखा गया और इस दौरान उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया गया।
बारादरी पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता की मां ने बताया कि यह घटना करीब आठ माह पुरानी है। आरोपियों ने नाबालिग को होटल में कैद कर कई दिनों तक प्रताड़ित किया। इस दौरान समीर के भाई सानू और मुजाहिद भी मौजूद रहे और किशोरी पर अभद्र टिप्पणियां करते रहे।
पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए आरोपियों ने एक नई साजिश रची। नाबालिग से जबरन झूठा निकाह दिखाया गया और उसे थाने में छोड़ दिया गया। इसके बाद आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों का आरोप है कि उन्हें लगातार धमकाया गया कि यदि आरोपियों के खिलाफ बयान दिया गया तो पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। भय और दबाव के चलते लड़की के पिता को मजबूरन समझौता कर बेटी को घर ले जाना पड़ा।
मामला यहीं नहीं रुका। 1 नवंबर 2025 को आरोपी फिर से पीड़िता के घर पहुंचे। पिता के साथ मारपीट की गई और किशोरी को जबरन घर से उठा ले गए। जाते समय धमकी दी गई कि पुलिस में शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा। इसके बाद 7 जनवरी 2026 को समीर और उसका साथी इस्लाम तमंचा और चाकू लेकर पीड़िता के घर में घुस आए। मां को डरा-धमकाकर किशोरी को जबरन ले जाने का प्रयास किया गया।
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने 6 जनवरी 2026 को ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और 8 जनवरी को स्वयं एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। शिकायत की जानकारी मिलते ही आरोपी और आक्रामक हो गए तथा पूरे परिवार को उठा लेने की धमकी देने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। थाना बारादरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
NGV PRAKASH NEWS
