एसपी ने थानाध्यक्ष,दरोगा सहित कांस्टेबल को किया सस्पेंड,पुलिस विभाग में मचा हड़कंप…….

NGV PRAKASH NEWS

बहराइच में एसपी का बड़ा एक्शन: कई थानेदार-दरोगा बदले, 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

बहराइच, 16 जनवरी 2026 —
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह की कड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। कानून-व्यवस्था में लापरवाही बरतने के आरोप में एसपी ने मटेरा थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस सख्त कदम के बाद जिले के पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है।

एसपी ने कर्तव्य में शिथिलता पाए जाने पर मटेरा थानाध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप बौद्ध, दरोगा विशाल जायसवाल और सिपाही अवधेश को सस्पेंड कर दिया। साथ ही देहात कोतवाली की रायपुर राजा पुलिस चौकी प्रभारी हरिकेश सिंह को मटेरा थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस कार्रवाई से पूरे जिले के पुलिसकर्मियों में अनुशासन को लेकर कड़ा संदेश गया है।

प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसपी ने कई अन्य अधिकारियों के तबादले भी किए हैं। आदेश के अनुसार उप निरीक्षक पूर्णेश नारायण पांडे को चौकी कस्बा नानपारा से हटाकर रायपुर राजा चौकी का प्रभारी बनाया गया है, जबकि कामेश्वर राय को चौकी दरगाह शरीफ से कस्बा नानपारा चौकी भेजा गया है।

इसके अलावा अभय पांडे को थाना हरदी से थाना विशेश्वरगंज, विजय कुमार गुप्ता को कोतवाली नगर से थाना मटेरा और रौशनी वर्मा को थाना हुजूरपुर से थाना रामगांव स्थानांतरित किया गया है। वहीं, रवि यादव को यातायात सर्किल नगर से यातायात नानपारा और रौशन सिंह को थाना जरवल रोड से फील्ड यूनिट शाखा में तैनाती दी गई है।

इतना ही नहीं, एसपी ने 41 महिला एवं पुरुष आरक्षियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

एसपी रामनयन सिंह की इस कड़ी कार्रवाई को जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। विभागीय अनुशासन और कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से किए गए इन बदलावों के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *