Gyan Prakash Dubey – NGV PRAKASH NEWS

बाइक सवारों की टक्कर से पैदल यात्री गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर
बस्ती, 17 जनवरी 2026 —
कलवारी थाना क्षेत्र के लुंबिनी–दुद्धी मार्ग स्थित बेईली तिराहे के पास हुई सड़क दुर्घटना में पैदल जा रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक सवारों ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घायल व्यक्ति का दाहिना पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार बुद्धि सागर पुत्र राम सागर, उम्र लगभग 45 वर्ष, निवासी बबुरहिया थाना कलवारी, सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को कलवारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही राम-जानकी मार्ग पर *देवदूत के रूप में पहचाने जाने वाले *डॉ. प्रेम त्रिपाठी* और विजय यादव मौके पर पहुंचे। दोनों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे समय पर उपचार संभव हो सका।
इस दुर्घटना में घायल व्यक्तियों में बुद्धि सागर के अलावा राघवराम पुत्र राम धन, उम्र 50 वर्ष, निवासी परसौडा हर्रैया तथा महंथ पुत्र राम, उम्र 39 वर्ष, निवासी प्यारे कचूरे थाना कलवारी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लुंबिनी–दुद्धी मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियंत्रण की कमी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से बेईली तिराहे के पास स्पीड ब्रेकर लगाने, चेतावनी बोर्ड स्थापित करने और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
फिलहाल पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है और जिला अस्पताल में घायल बुद्धि सागर का उपचार जारी है।
NGV PRAKASH NEWS
